*श्रावण मास के प्रथम सोमवार एवं कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने श्री शिव संकट हरण मन्दिर सकाहा का किया निरीक्षण*
*रिपोर्ट-जनार्दन श्रीवास्तव*
*शाहजहांपुर* श्रावण मास के प्रथम सोमवार एवं कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत जिलाधिकारी अनुनय झा एवं पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने श्री शिव संकट हरण मन्दिर सकाहा का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को देखा। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने मन्दिर मे पूजन अर्चन कर सभी के कल्याण की कामना की। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को श्रावण मास के पावन अवसर पर बधाई एवं शुभकामनायें भी दी।
जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के दृष्टिगत आवश्यक निर्देश सभी सम्बन्धित अधिकारियों को दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाए तथा सुरक्षा मानकों का कड़ाई से अनुपालन कराया जाय। अराजक तत्वों की कड़ी निगरानी की जाए। सीसीटीवी कैमरे नियमित रूप से क्रिया शील रखे जाए।
जिलाधिकारी ने सम्बधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विक्रय होने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की नियमित रूप से जांच किया जाना सुनिश्चित किया जाए। अधोमानक खाद्य पदार्थों का विक्रय कदापि न हो, यह सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही अग्नि से सुरक्षा हेतु भी समुचित प्रबन्ध किए जाए। सभी सम्बधित अधिकारी भ्रमणशील रहते हुए व्यवस्थाओं का अनुश्रवण करना सुनिश्चित करें।
अपातकालीन सेवायें, चिकित्सा हेल्प डेस्क, ऐम्बुलेंस, प्राथमिक चिकित्सा सहायता आदि की समुचित व्यवस्था एवं त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश जिलाधिकारी ने दिये।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने पुलिस व्यवस्थाओं का अनुश्रवण कर आवश्यक निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की अधिक संख्या के दृष्टिगत निर्धारित रूट प्लान एवं सुरक्षा मानको का कड़ाई से अनुपालन कराया जाये। रूट डायवर्जन प्लान तथा पार्किगं के सम्बन्ध मे भी निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश पुलिस अधीक्षक ने दिये।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी आशुतोष, खण्ड विकास अधिकारी बावन रामप्रकाश सहित सभी सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहें।

