संदना और गोंदलामऊ में देवी जागरण की धूम, भजनों और दिव्य झांकियों से भक्तिमय हुई रात
-मां संदान देवी का भव्य श्रृंगार, मां मुक्तेश्वरी देवी मंदिर में 14वां विशाल जागरण संपन्न
फोटो-06
संदना/सीतापुर। शारदीय नवरात्र पर संदना और गोंदलामऊ में देवी आराधना की धूम रही। ऐतिहासिक मां संदान देवी मंदिर में अष्टमी पर माता रानी का भव्य श्रृंगार किया गया, वहीं मां मुक्तेश्वरी देवी मंदिर परिसर में 14वां विशाल जागरण आयोजित हुआ। दोनों स्थानों पर भजनों, धार्मिक प्रस्तुतियों और मनमोहक झांकियों के बीच श्रद्धालु पूरी रात भक्ति में लीन रहे।
संदना की पुरानी बस्ती स्थित मां संदान देवी मंदिर में मां संदान देवी जागरण कमेटी की ओर से सातवें विशाल जागरण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। स्वर साधना म्यूजिकल ग्रुप और लखनऊ के जीतू छलिया आर्ट ग्रुप के कलाकारों ने भजन और धार्मिक झांकियां प्रस्तुत कीं। मंदिर में दर्शन-पूजन और महाआरती के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ी। उधर, गोंदलामऊ के प्राचीन मां मुक्तेश्वरी देवी मंदिर में लखनऊ के हर्षित म्यूजिकल ग्रुप ने भजनों की प्रस्तुति दी। अमरनाथ बर्फानी झांकी ग्रुप के कलाकारों ने गणेश, राधा-कृष्ण, हनुमान, मां काली, मां दुर्गा और शिव-पार्वती की झांकियां सजाईं। आयोजन में श्री दुर्गा पूजा सेवा समिति के अध्यक्ष दिनेश शर्मा, मैनेजर गोपी शर्मा सहित ग्रामीणों का सहयोग रहा।

