सीएमआईएस पोर्टल पर फीड परियोजनाओं एवं सीएम डैशबोर्ड की जिलाधिकारी ने की समीक्षा
निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता एवं पोर्टल फीडिंग में शुद्धता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
(डाक्टर अजय तिवारी जिला संवाददाता)
अयोध्या।डीएम शशांक त्रिपाठी ने कलेक्ट्रेट सभागार में सीएमआईएस पोर्टल पर फीड विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा बैठक की। बैठक में माह अप्रैल 2026 के अंतर्गत संचालित परियोजनाओं की प्रगति, गुणवत्ता एवं समयबद्ध क्रियान्वयन की गहन समीक्षा की गई।समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने पीपीपी मॉडल की परियोजनाओं, यूपी कॉरपोरेशन, जिला कारागार में निर्माणाधीन कार्यों, पर्यटन विभाग की विभिन्न परियोजनाओं, गोरखपुर-अयोध्या मार्ग निर्माण, रामपथ, धर्मपथ, राजघाट, राम की पैड़ी, रुदौली स्थित मां कामाख्या मंदिर निर्माण, बृहद गो संरक्षण केंद्र, कोटिया, सेतु निगम के विभिन्न कार्यों, गोसाईगंज में तमसा नदी पर सेतु निर्माण, बेसिक शिक्षा विभाग के कंपोजिट विद्यालयों के निर्माण कार्य तथा पंचकोसी परिक्रमा मार्ग से संबंधित कार्यों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की।जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा कार्यदायी संस्थाओं के कार्यों की नियमित समीक्षा की जाए। उन्होंने अधिशासी अभियंता निर्माण खंड-2 को निर्देशित किया कि निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित कराया जाए।सीएम डैशबोर्ड के विकास एवं राजस्व कार्यों की समीक्षा
बैठक में जिलाधिकारी ने सीएम डैशबोर्ड के अंतर्गत विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रगति में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने फैमिली आईडी की प्रगति बढ़ाने, पर्यटन विभाग की धीमी परियोजनाओं में गति लाने तथा पोषण अभियान में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जिला कार्यक्रम अधिकारी से पोषण अभियान में धीमी प्रगति पर कारण पूछा गया तथा चेतावनी दी गई कि प्रगति में सुधार न होने पर कार्रवाई की जाएगी। प्रोजेक्ट अलंकार के अंतर्गत बाउंड्री वॉल निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड से नई सड़कों के निर्माण में देरी पर जवाब तलब करते हुए शीघ्र प्रगति सुनिश्चित करने को कहा गया। किसान सम्मान निधि एवं पीएम कुसुम योजना में बेहतर प्रगति लाने पर विशेष जोर दिया गया।मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को पोल्ट्री क्षेत्र तथा मत्स्य विभाग को अपनी रैंकिंग में सुधार लाने के निर्देश दिए गए।वहीं जिला प्रोबेशन अधिकारी को वृद्धावस्था पेंशन योजना में शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया।राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने आबकारी विभाग एवं मंडी परिषद के कार्यों की सराहना की तथा आगे भी इसी प्रकार की प्रगति बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने संपत्ति नामांकन को ‘ए’ ग्रेड में लाने, खनन विभाग की रैंकिंग ‘बी’ ग्रेड से ‘ए’ ग्रेड में सुधारने तथा स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन कार्यों में सुधार के निर्देश दिए। साथ ही निर्देश पोर्टल पर सभी कार्यों की फीडिंग सही एवं समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित करने को कहा, ताकि जनपद की रैंकिंग बेहतर प्रदर्शित हो।जिलाधिकारी ने आईजीआरएस की अलग से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिन विभागों द्वारा शिकायतों का संतोषजनक निस्तारण नहीं किया जाएगा, उनकी जवाबदेही तय की जाएगी।
उन्होंने खंड विकास अधिकारी अमानीगंज, खंड विकास अधिकारी सोहावल, अधिशासी अभियंता नगर पालिका/नगर पंचायत, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला बंदोबस्त अधिकारी, जिला कमांडेंट होमगार्ड, एआर कोऑपरेटिव, खंड शिक्षा अधिकारी मिल्कीपुर, एबीएसए तारुन, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी बीकापुर, जिला पूर्ति निरीक्षक बीकापुर, जिला समाज कल्याण अधिकारी तथा खंड शिक्षा अधिकारी रुदौली को निर्देश दिए कि शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करते हुए आख्या समय से पोर्टल पर अपलोड की जाए।बैठक में जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों को जनता दर्शन को गंभीरता से लेने तथा शिकायतकर्ताओं की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (एफ/आर) सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

