सीतापुर। नैमिषारण्य की धार्मिक और आध्यात्मिक धरती पर स्थित श्री अध्यात्म विद्यापीठ ब्रह्मचर्य आश्रम आवासीय विद्यालय (नारदानंद आश्रम) से गुरुवार सुबह तीन नाबालिग वेद विद्यार्थी रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गए। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि सुबह करीब पांच बजे मंगल आरती के दौरान तीनों विद्यार्थियों की गिनती हुई थी और उस समय वे आश्रम में मौजूद थे। इसके करीब एक घंटे बाद ही सुबह छह बजे प्रार्थना के समय गिनती हुई तो तीनों एक साथ गायब मिले। तीनों के एक साथ लापता होने की खबर से आश्रम प्रबंधन से लेकर परिजनों तक में हड़कंप मच गया। लापता छात्रों की पहचान अनुकेश (12) पुत्र सौरभ मिश्रा निवासी ग्राम अल्लीपुर, जनपद हरदोई, हिमांशु पांडेय (करीब 13 वर्ष) पुत्र अवधेश पांडेय निवासी आसरेवा, जनपद अयोध्या और आर्यन गुप्ता (11) पुत्र धर्मेंद्र गुप्ता निवासी दुबग्गा रिंग रोड, जनपद लखनऊ के रूप में हुई है। बताया गया कि हिमांशु का करीब एक माह पहले ही आश्रम में दाखिला कराया गया था। तीनों छात्र आश्रम में रहकर वेद शिक्षा ग्रहण कर रहे थे। आचार्य मोहित के मुताबिक आश्रम में करीब 150 विद्यार्थी रहते हैं। रोजाना की तरह गुरुवार सुबह करीब पांच बजे मंगल आरती के दौरान विद्यार्थियों की गिनती की गई थी। इस दौरान तीनों छात्र मौजूद थे। इसके बाद करीब छह बजे प्रार्थना के समय जब दोबारा गिनती की गई तो तीनों छात्र नदारद मिले। अचानक तीन बच्चों के एक साथ गायब मिलने पर आश्रम में अफरा-तफरी मच गई। प्रबंधन ने तत्काल उनके संभावित ठिकानों और आश्रम से बाहर जाने वाले रास्तों पर तलाश शुरू कराई।
इनसेट
तीनों के एक साथ गायब होने से बढ़ी चिंता
तीनों छात्रों के एक साथ आश्रम से निकल जाने की बात सामने आने के बाद परिजन भी नैमिषारण्य पहुंच गए। आश्रम प्रबंधन और परिजन आसपास के दुकानदारों, राहगीरों और स्थानीय लोगों से बच्चों के बारे में जानकारी जुटाते रहे। बच्चों के आश्रम से किस रास्ते से बाहर निकलने और उसके बाद कहां जाने की आशंका है, इसे लेकर भी पड़ताल की जा रही है।
इनसेट
सीसीटीवी से खुलेगा बच्चों के निकलने का रास्ता
थाना प्रभारी नवनीत मिश्रा ने बताया कि तीन छात्रों के लापता होने की सूचना मिली है। पुलिस टीम उनकी तलाश में जुटी है। छात्रों के संभावित आने-जाने वाले रास्तों की जानकारी जुटाई जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि यह पता चल सके कि तीनों छात्र आश्रम से कब और किस रास्ते से बाहर निकले। फिलहाल तीनों छात्रों के एक साथ गायब होने की घटना ने आश्रम की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दि
ए हैं।

