सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत प्राकृतिक रंगों से सजी भव्य रंगोली बनी आकर्षण का केंद्र

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत प्राकृतिक रंगों से सजी भव्य रंगोली बनी आकर्षण का केंद्र
आजमगढ़, 07 अक्टूबर(आर एन एस)सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के कुशल मार्गदर्शन एवं मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल के पर्यवेक्षण में जनपद मुख्यालय स्थित हरिऔध कला प्रांगण में ‘‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’’ थीम पर भव्य एवं आकर्षक रंगोली का निर्माण किया गया। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) की स्वयं सहायता समूह की दीदियों सहित विभिन्न विभागों, स्थानीय कलाकारों, महिलाओं एवं विद्यार्थियों ने प्राकृतिक संसाधनों का प्रयोग करते हुए इस वृहद रंगोली को जीवंत स्वरूप प्रदान किया।रंगोली का अवलोकन प्रदेश उपाध्यक्ष/माननीय विधान परिषद सदस्य उत्तर प्रदेश डॉ धर्मेंद्र सिंह एवं जिलाध्यक्ष आजमगढ़ ध्रुव कुमार सिंह, लालगंज विनोद राजभर, पूर्व सांसद नीलम सोनकर, पूर्व विधायक वंदना सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं उपस्थित गणमान्य नागरिकों द्वारा किया गया। जनप्रतिनिधियों ने रंगोली में महिलाओं एवं स्वयं सहायता समूह की दीदियों द्वारा प्रदर्शित रचनात्मकता, सामाजिक संदेश और उत्कृष्ट कला की सराहना की।
प्राकृतिक सामग्रियों से तैयार की गई रंगोली
इस वृहद रंगोली की विशेषता यह रही कि इसे तैयार करने में पर्यावरण के अनुकूल फूल, प्राकृतिक रंग, विभिन्न प्रकार के अनाज, मिट्टी सहित अन्य प्राकृतिक सामग्रियों का प्रयोग किया गया। रंगोली के माध्यम से प्रकृति, संस्कृति, सेवा, जनकल्याण एवं राष्ट्र निर्माण के संदेश को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया।रंगोली में भारत का मानचित्र, राष्ट्रीय प्रतीक, प्रधानमंत्री जी की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं, मातृ एवं शिशु पोषण, विकसित भारत-2047 सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों एवं लक्ष्यों को कलात्मक रूप से समाहित किया गया। रंगों और प्राकृतिक सामग्रियों के माध्यम से प्रस्तुत इन संदेशों ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया और जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बना।उपायुक्त रोजगार डॉ आराधना त्रिपाठी ने बताया कि महिलाओं की रचनात्मकता एवं सामूहिक सहभागिता का शानदार प्रदर्शन रहा रंगोली निर्माण में स्वयं सहायता समूह की दीदियों के साथ-साथ स्थानीय कलाकारों, महिलाओं एवं विद्यार्थियों की व्यापक भागीदारी रही। सामूहिक सहभागिता ने इस आयोजन को केवल एक कला प्रदर्शन न बनाकर सामुदायिक सहभागिता, महिला सशक्तिकरण और राष्ट्र निर्माण की भावना से जोड़ दिया।एनआरएलएम की दीदियों ने अपनी सृजनात्मक क्षमता एवं हुनर का प्रदर्शन करते हुए प्राकृतिक सामग्रियों से विभिन्न आकृतियों एवं संदेशों को आकर्षक रूप प्रदान किया। रंगोली में सेवा, स्वावलंबन, पर्यावरण संरक्षण, पोषण एवं विकसित भारत के संकल्प को एक साथ पिरोया गया।
‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ ने दिया सेवा और राष्ट्र निर्माण का संदेश
‘‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’’ की थीम के माध्यम से रंगोली में यह संदेश दिया गया कि जनभागीदारी, महिला सशक्तिकरण, प्रकृति संरक्षण और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जा सकता है।रंगोली का अवलोकन करने पहुंचे जनप्रतिनिधियों एवं आमजन ने इसकी भव्यता, संदेशपरकता एवं प्राकृतिक सामग्रियों के रचनात्मक उपयोग की सराहना की। विशेष रूप से स्वयं सहायता समूह की दीदियों एवं महिलाओं द्वारा किए गए उत्कृष्ट सृजन की प्रशंसा करते हुए उनकी कल्पनाशीलता, हुनर और राष्ट्र निर्माण में सहभागिता को सराहा गया।यह आयोजन सेवा संकल्प अभियान-2026 के उद्देश्यों को जनभागीदारी से जोड़ते हुए सेवा, सृजन, स्वावलंबन और राष्ट्र निर्माण की भावना को सशक्त करने वाला प्रभावी प्रयास रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *