सेवा संकल्प अभियान के तहत 300 पौधे रोपित
-पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
मिल्कीपुर-अयोध्या। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत श्री अयोध्या न्यास की ओर से मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र के अमानीगंज विकासखंड अंतर्गत बहबरमऊ ग्राम सभा के भदरी का पुरवा स्थित बाग में वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा के पूर्व सांसद लल्लू सिंह रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में मिल्कीपुर विधायक चंद्रभानु पासवान मौजूद रहे। दोनों अतिथियों ने कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों के साथ पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। मुख्य अतिथि पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से शुरू हुआ है, जो लगातार चल रहा है और 17 अक्टूबर तक चलेगा। अभियान के माध्यम से विभिन्न सेवा कार्यों के साथ समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता पैदा करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मां के नाम पर कम से कम एक वृक्ष अवश्य लगाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा प्रत्येक वर्ष बड़े स्तर पर पौधरोपण कराया जा रहा है। पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना और उनकी देखभाल करना जरूरी है। मिल्कीपुर विधायक चंद्रभानु पासवान ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। वर्षों से पेड़ों से हमें स्वच्छ वायु, छाया, फल और लकड़ी सहित अनेक उपयोगी संसाधन प्राप्त होते रहे हैं। वृक्षों के बिना स्वस्थ और संतुलित जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने लोगों से पौधरोपण के साथ लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने की अपील की। कार्यक्रम स्थल पर पीपल, बरगद, नीम, आम, जामुन, अमरूद सहित छायादार एवं शोभाकार प्रजातियों के करीब 300 पौधे रोपित किए गए। पौधों की सुरक्षा के लिए टी-गार्ड भी लगाए गए। इस मौके पर अमानीगंज मंडल अध्यक्ष ब्रह्म प्रकाश शुक्ला, पूर्व मंडल अध्यक्ष बंशीधर शर्मा, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि पवन सिंह, भाजपा नेता सुरेंद्र कुमार रावत, विजय पांडे, चंद्रबली सिंह, भवानीफेर मिश्रा, प्रधान संघ अध्यक्ष पवन पांडे, ओम प्रकाश सिंह, जनार्दन मौर्य सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

