अयोध्या में नयाघाट चौकी क्षेत्र में अतिक्रमण का बोलबाला, श्रद्धालु परेशान
(राजन तिवारी सिटी रिपोर्टर)
अयोध्या।थाना कोतवाली अयोध्या के नयाघाट चौकी क्षेत्र के आसपास अतिक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। लता चौक से लेकर सरयू पुराने पुल तक सड़क किनारे ठेले और दुकानों का कब्जा होने से आम लोगों और श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह अतिक्रमण खुलेआम पुलिस चौकी के संरक्षण में हो रहा है और सुविधा शुल्क लेकर ठेले लगवाए जा रहे हैं। हालांकि प्रशासन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।नयाघाट क्षेत्र धार्मिक और पर्यटन दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। यहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु सरयू स्नान और रामनगरी दर्शन के लिए पहुंचते हैं, लेकिन सड़क पर फैले अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है। सबसे अधिक दिक्कत लता मंगेशकर चौक और धर्म पथ पर देखने को मिल रही है,जहां श्रद्धालुओं के लिए बना सेल्फी प्वाइंट अब अव्यवस्था का केंद्र बनते जा रहे हैं।इसके अलावा गोल्फ कार्ट चालकों की मनमानी भी लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। सड़क पर अतिक्रमण और अव्यवस्थित यातायात के कारण पैदल चलने वालों को भी जोखिम उठाना पड़ रहा है।स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद प्रशासन की आंखें नहीं खुल रही हैं। स्थानीय निवासियों ने जिला प्रशासन से अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने, गोल्फ कार्ट संचालन को व्यवस्थित करने की मांग की है।

