अयोध्या में मेडिकल एसोसिएशन की हड़ताल से दवा बाजार बंद,मरीज परेशान

अयोध्या में मेडिकल एसोसिएशन की हड़ताल से दवा बाजार बंद,मरीज परेशान

(राजन तिवारी सिटी रिपोर्टर)

अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में बुधवार को फैजाबाद मेडिकल एसोसिएशन के आह्वान पर एकदिवसीय बंदी का व्यापक असर देखने को मिला। जनपद की तमाम थोक एवं फुटकर मेडिकल दुकानें बंद रहीं, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। श्रीराम अस्पताल, जिला अस्पताल समेत कई प्रमुख चिकित्सीय केंद्रों के आसपास दवा दुकानों पर ताले लटके दिखाई दिए मेडिकल एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस हड़ताल में दवा व्यापारियों ने ऑनलाइन दवा बिक्री और दवाओं की मूल्य वृद्धि के विरोध में अपनी आवाज बुलंद की। व्यापार मंडल अध्यक्ष पंकज गुप्ता ने कहा कि यह बंदी व्यापारियों और आम जनता के हित में की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से भारी छूट पर बेची जा रही दवाओं में बड़ी संख्या में नकली दवाएं बाजार में पहुंच रही हैं, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर खतरा बढ़ रहा है उन्होंने कहा कि बिना डॉक्टर के परामर्श और बिना वैध पर्चे के उपभोक्ताओं तक दवाइयां पहुंचाई जा रही हैं, जो गंभीर चिंता का विषय है। इसके अलावा दवा निर्माण कंपनियों द्वारा अनियमित रूप से दवाओं के दाम बढ़ाए जाने का भी विरोध किया गया मेडिकल एसोसिएशन की तीन प्रमुख मांगों में ऑनलाइन दवा बिक्री पर सख्त नियंत्रण, बिना डॉक्टर की पर्ची दवा वितरण पर रोक तथा दवाओं की मनमानी मूल्य वृद्धि पर अंकुश शामिल है बंदी के चलते कई मरीजों को आवश्यक दवाएं नहीं मिल सकीं। अस्पतालों के बाहर लोग दवा दुकानों के खुलने का इंतजार करते नजर आए। हालांकि आपातकालीन सेवाएं सामान्य रूप से संचालित होती रहीं दवा व्यापारियों का कहना है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सुनवाई नहीं हुई तो आगे और बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *