अलोक का प्रयास व्यर्थ, साहेब लाल बने जीत के हीरो
साहेब लाल की तूफानी पारी से आरसीसी की शानदार जीत
प्रयागराज। गवर्नमेंट प्रेस मैदान पर खेले गए क्रिकेट मुकाबले में आरसीसी ने न्यू समर्थ हॉस्पिटल को सात विकेट से शिकस्त दी। न्यू समर्थ हॉस्पिटल की ओर से अलोक यादव की तूफानी पारी और आरसीसी की ओर से साहेब लाल के विस्फोटक बल्लेबाजी प्रदर्शन ने मुकाबले को रोमांचक बना दिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यू समर्थ हॉस्पिटल की टीम ने सभी विकेट गंवाकर 154 रन बनाए। अलोक यादव ने महज 19 गेंदों पर सात छक्कों और तीन चौकों की मदद से 61 रन ठोक दिए। डीके यादव ने 22, मनीष गुप्ता ने 20 और अमित श्रीवास्तव ने 11 रन का योगदान दिया। आरसीसी की ओर से ऋषभ शुक्ल और विपिन यादव ने तीन-तीन विकेट झटके, जबकि डॉ. वीके राय ने दो तथा डॉ. अतुल और राहुल ने एक-एक विकेट हासिल किया।
जवाब में आरसीसी ने साहेब लाल की आतिशी बल्लेबाजी के दम पर 16वें ओवर में ही तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। साहेब लाल ने मात्र 33 गेंदों पर आठ छक्कों और छह चौकों की मदद से नाबाद 90 रन की धुआंधार पारी खेली। ऋषभ शुक्ल ने 33 और विपिन यादव ने 14 रन बनाए। न्यू समर्थ हॉस्पिटल की ओर से अलोक यादव, शाश्वत और डीके यादव ने एक-एक विकेट लिया।

