अशोकपुर टिकिया में बुनियादी सुविधाओं की बदहाली, ग्रामीणों ने बीडीओ से लगाई गुहार

अशोकपुर टिकिया में बुनियादी सुविधाओं की बदहाली, ग्रामीणों ने बीडीओ से लगाई गुहार
:-सरकारी हैंडपंप खराब, सड़क पर जलभराव और जर्जर नाली बनी परेशानी का सबब।
वजीरगंज (गोण्डा) 2 सितम्बर। विकासखंड वजीरगंज की ग्राम पंचायत अशोकपुर टिकिया में विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर ग्रामीणों ने खंड विकास अधिकारी वजीरगंज को शिकायती पत्र सौंपकर शीघ्र निस्तारण की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से समस्याएं बनी हुई हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है।
        ग्रामीणों द्वारा दिए गए शिकायती पत्र में बताया गया कि मदरसा परिसर में लगा सरकारी हैंडपंप खराब है, जिसके चलते लोगों को पेयजल के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं गोण्डा-अयोध्या राजमार्ग से जुड़े मुख्य रास्ते पर रज्जब के घर से हठीले शाह दरगाह तक जलभराव की समस्या बनी हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि करीब पांच वर्षों से यहां सफाई नहीं कराई गई है, जिसके कारण जलनिकासी व्यवस्था प्रभावित है।
     शिकायत में भषमपुर में सड़क किनारे करीब एक वर्ष पूर्व बनाई गई नाली के गिरकर क्षतिग्रस्त होने का भी उल्लेख किया गया है। नाली क्षतिग्रस्त होने के कारण पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को परेशानी हो रही है।
      इसके अलावा परसहवा कुटी में कृष्णदेव पाण्डेय के घर के पास लगा सरकारी हैंडपंप भी खराब बताया गया है। ग्रामीणों ने इन सभी समस्याओं का जल्द समाधान कराने की मांग की है।
       शिकायती पत्र में ग्रामीणों ने खंड विकास अधिकारी वजीरगंज से मौके का निरीक्षण कर खराब हैंडपंपों की मरम्मत, जलभराव की समस्या दूर कराने, नाली की मरम्मत तथा नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है।
   ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में उन्हें और अधिक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
     शिकायत पत्र देते समय मोहम्मद सगीर समाज सेवी लवलेश कुमार पांडेय सिराज अली रज्जब अली मुनीर आदि लग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *