आईसीएसएसआर फेलोशिप में ममता सागर का चयन
डिजिटल इंडिया पर शोध से बढ़ाया जौनपुर का मान
जौनपुर,26 अप्रैल। यूपी के जौनपुर में भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद द्वारा शैक्षणिक सत्र 2025–26 के लिए घोषित फेलोशिप परिणामों में जौनपुर की होनहार शोधार्थी ममता सागर का चयन हुआ है। ममता, मोहन लाल की पुत्री हैं और उनका यह चयन जिले व विश्वविद्यालय दोनों के लिए गर्व की बात है।
ममता सागर का शोध कार्य जनसंचार एवं पत्रकारिता विभाग के डॉ. चंदन सिंह के निर्देशन में संचालित हो रहा है। उन्होंने “इम्पैक्ट ऑफ डिजिटल इंडिया इनिशिएटिव: वूमेन स्टडी ऑफ वाराणसी कमिश्नरेट” विषय पर अपना शोध प्रस्ताव प्रस्तुत किया था, जिसे उत्कृष्टता और प्रासंगिकता के आधार पर चयनित किया गया। उनका यह शोध डिजिटल इंडिया पहल के तहत महिलाओं पर पड़ने वाले प्रभावों का गहन अध्ययन करेगा।
आईसीएसएसआर फेलोशिप सामाजिक विज्ञान के क्षेत्र में उच्च गुणवत्ता वाले शोध को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रदान की जाती है। इस फेलोशिप के अंतर्गत चयनित शोधार्थियों को मासिक आर्थिक सहायता के साथ-साथ शोध कार्य के लिए विशेष अनुदान भी दिया जाता है, जिससे वे अपने अध्ययन को व्यापक और प्रभावी रूप से आगे बढ़ा सकें। उनकी
इस उपलब्धि पर शनिवार को विश्वविद्यालय प्रशासन और शिक्षकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्होंने इसे संस्थान के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए कहा कि ममता सागर की सफलता अन्य शोधार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत साबित होगी और विश्वविद्यालय में शोध संस्कृति को और मजबूती मिलेगी।
ममता सागर की इस उपलब्धि से न केवल विश्वविद्यालय का नाम रोशन हुआ है, बल्कि जौनपुर जनपद का मान-सम्मान भी बढ़ा है।

