यूपी होमगार्ड्स परीक्षा आज से शुरू, 19 केंद्रों पर 50 हजार अभ्यर्थी शामिल

यूपी होमगार्ड्स परीक्षा आज से शुरू, 19 केंद्रों पर 50 हजार अभ्यर्थी शामिल

नकल विहीन आयोजन के लिए कड़ी सुरक्षा, गर्मी से बचाव के विशेष इंतजाम

जौनपुर,25 अप्रैल । यूपी के जौनपुर में उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स के पदों के लिए पंजीकरण-2025 की लिखित परीक्षा शनिवार से जिले में शुरू हो गई। 19 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कुल 50,400 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। यह परीक्षा 27 अप्रैल तक संचालित होगी, जिसके लिए प्रशासन ने नकल विहीन आयोजन सुनिश्चित करने के व्यापक इंतजाम किए हैं।
परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक चल रही है। प्रत्येक पाली में करीब 8,400 अभ्यर्थी परीक्षा दे रहे हैं।इस मामले में जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक शहर आयुश श्रीवास्तव ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। अभ्यर्थियों को बायोमेट्रिक सत्यापन और सघन तलाशी (फ्रिस्किंग) के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है। इसके अलावा सभी परीक्षा केंद्र सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रखे गए हैं।
नकल रोकने के लिए प्रत्येक केंद्र पर सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक एवं बाह्य परीक्षा सहायकों की तैनाती की गई है। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला स्तर पर अधिकारियों को रिजर्व में रखा गया है।
जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने गर्मी को देखते हुए परीक्षार्थियों की सुविधा के विशेष निर्देश दिए हैं। सभी केंद्रों पर स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि दूर-दराज से आने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
लू और तेज गर्मी से बचाव के लिए प्रत्येक केंद्र पर ओआरएस, इलेक्ट्रॉल पाउडर और आवश्यक जीवन रक्षक दवाएं उपलब्ध कराई गई हैं। स्वास्थ्य विभाग को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे जरूरत पड़ने पर तुरंत प्राथमिक उपचार दिया जा सके।
मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए प्रशासन ने परीक्षार्थियों के लिए गुड़ और पेठा जैसी राहत सामग्री की व्यवस्था भी कराई है, जिससे उन्हें भीषण गर्मी में राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *