इंदिरानगर में दिनदहाड़े बंद मकानों में चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा, छह गिरफ्तार; चोरी का माल खरीदने वाला सुनार भी पकड़ा गया

इंदिरानगर में दिनदहाड़े बंद मकानों में चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा, छह गिरफ्तार; चोरी का माल खरीदने वाला सुनार भी पकड़ा गया

लखनऊ(आरएनएस )। इंदिरानगर थाना क्षेत्र में दिन के समय बंद मकानों की रेकी कर ताला तोड़कर चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का माल, चोरी में इस्तेमाल किया गया वाहन और ताला तोड़ने के उपकरण बरामद किए हैं। पूछताछ में सामने आया कि चोरी किए गए आभूषणों और अन्य सामान को चौक क्षेत्र स्थित एक ज्वैलरी की दुकान पर बेचा जाता था। पुलिस ने चोरी का माल खरीदने के आरोप में दुर्गा शंकर वर्मा को भी गिरफ्तार किया है।पुलिस के अनुसार इंदिरानगर क्षेत्र में 9 जून, 14 जून, 31 जुलाई और 14 अगस्त 2026 को दिन के समय बंद मकानों में ताला तोड़कर चोरी की घटनाएं हुई थीं। इन मामलों में थाना इंदिरानगर में क्रमश: मु0अ0सं0 150/2026, 155/2026, 203/2026 और 217/2026 धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मुकदमे दर्ज किए गए थे। घटनाओं के लगातार सामने आने के बाद उच्चाधिकारियों ने इनके शीघ्र अनावरण और प्रभावी रोकथाम के निर्देश दिए थे।निर्देशों के क्रम में प्रभारी निरीक्षक इंदिरानगर ने पुलिस टीमों का गठन कर घटनाओं की जांच शुरू की। इसी क्रम में 15 अगस्त 2026 को पुलिस टीम को सूचना मिली कि बादशाहखेड़ा नहर के किनारे बने ग्राउंड के पास चोरी की घटनाओं में शामिल कुछ व्यक्ति मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्धों को पकड़कर पूछताछ की। जांच के दौरान अर्जुन पाण्डेय उर्फ ईशु पाण्डेय, मोहम्मद सिराज उर्फ राजू, बबलू उर्फ मनोज, अरविन्द यादव उर्फ धरविन्द्र यादव, अखिलेश कुमार गौतम तथा दुर्गा शंकर वर्मा को गिरफ्तार किया गया।पूछताछ में आरोपियों ने इंदिरानगर क्षेत्र में बंद मकानों में हुई चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर चोरी की घटनाओं में इस्तेमाल किए गए आला नकब और वाहन बरामद किए गए। पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि चोरी के दौरान मिले आभूषण और अन्य सामान को दुर्गा शंकर वर्मा को बेचा जाता था। इसके बाद पुलिस टीम ने थाना चौक क्षेत्र स्थित वन टंच ज्वैलर्स की दुकान से दुर्गा शंकर वर्मा को गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद किया।पुलिस के मुताबिक गिरोह के सदस्य दिन के समय दोपहिया और चारपहिया वाहनों से बंद मकानों की रेकी करते थे। घर के आसपास लोगों की मौजूदगी नहीं होने की पुष्टि करने के बाद मकान का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया जाता था। चोरी किए गए आभूषण और अन्य सामान को आगे बेचकर प्राप्त धनराशि को गिरोह के सदस्य आपस में बांट लेते थे।गिरफ्तार आरोपियों में अर्जुन पाण्डेय उर्फ ईशु पाण्डेय, निवासी पाले का पुरवा थाना असंधरा, बाराबंकी, हाल पता भीमनगर कॉलोनी गोमतीनगर, उम्र करीब 25 वर्ष है। मोहम्मद सिराज उर्फ राजू, निवासी संतपुरम, इंदिरानगर, उम्र करीब 20 वर्ष है। बबलू उर्फ मनोज, निवासी संतपुरम इंदिरानगर, उम्र करीब 48 वर्ष है। अरविन्द यादव उर्फ धरविन्द्र यादव, निवासी रानीबाजार बेहुरा थाना रामनगर बाराबंकी, हाल पता पत्रकारपुरम डिवाइडर गोमतीनगर, उम्र करीब 23 वर्ष है। अखिलेश कुमार गौतम, निवासी ए-214 संतपुरम कॉलोनी इंदिरानगर, उम्र करीब 38 वर्ष है। वहीं चोरी का माल खरीदने के आरोप में गिरफ्तार दुर्गा शंकर वर्मा, निवासी चढ़ाई महुलाल थाना कोतवाली चौक, लखनऊ, उम्र करीब 56 वर्ष है।पुलिस जांच में बबलू उर्फ मनोज के विरुद्ध चिनहट और महानगर थानों में चोरी तथा चोरी का माल रखने से संबंधित कई मुकदमे पहले से दर्ज मिले हैं। उसके विरुद्ध वर्ष 2019, 2020 और 2023 में कई अभियोग दर्ज हुए थे। इसके अलावा इंदिरानगर थाने में दर्ज वर्ष 2026 के चारों चोरी के मुकदमों में भी उसका नाम प्रकाश में आया है।

दुर्गा शंकर वर्मा के विरुद्ध भी इंदिरानगर थाने में दर्ज चारों मामलों में धारा 305(ए), 317(2) और 317(4) बीएनएस के तहत अभियोग दर्ज हैं। अर्जुन पाण्डेय के विरुद्ध तीन मामलों तथा मोहम्मद सिराज के विरुद्ध भी इंदिरानगर थाने में दर्ज चोरी के मामलों में अभियोग दर्ज किए गए हैं। पुलिस द्वारा सभी आरोपियों के आपराधिक इतिहास की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और बरामदगी के आधार पर मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों और चोरी के माल की खरीद-फरोख्त से जुड़े लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

—————

मलिहाबाद में डाला ने बस में पीछे से मारी टक्कर, चार घायल; बस कंडक्टर ट्रामा सेंटर रेफर

लखनऊ(आरएनएस )। मलिहाबाद क्षेत्र के ग्राम भतोइया में रविवार सुबह डाला और बस की टक्कर में चार लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मलिहाबाद भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद बस कंडक्टर की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए केजीएमयू के ट्रामा सेंटर रेफर किया गया।पुलिस के अनुसार 16 अगस्त 2026 को सुबह करीब 10 बजे ग्राम भतोइया में डाला और बस के बीच दुर्घटना की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि डाला संख्या UP 30 BT 6034 लखनऊ की ओर से हरदोई जा रहा था। इसी दिशा में बस संख्या UP 30 AT 3535 भी लखनऊ से हरदोई की ओर जा रही थी। इसी दौरान डाला चालक ने बस में पीछे से टक्कर मार दी।हादसे में बस कंडक्टर विकास गुप्ता उर्फ सुदामा, निवासी कस्बा मलिहाबाद, लखनऊ और डाला चालक विपिन, निवासी हरदोई गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं डाले में सवार अजय और सहारे को भी चोटें आई हैं। सभी घायलों को तत्काल एंबुलेंस की सहायता से सीएचसी मलिहाबाद पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बस कंडक्टर विकास गुप्ता उर्फ सुदामा को बेहतर उपचार के लिए ट्रामा सेंटर, केजीएमयू रेफर कर दिया।

पुलिस के मुताबिक दुर्घटना के बाद मौके पर शांति एवं कानून-व्यवस्था बनी हुई है तथा यातायात भी सुचारू रूप से संचालित हो रहा है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

——————-

जानकीपुरम में पान की गुमटी का ताला तोड़कर 15 हजार रुपये और सिगरेट चोरी

लखनऊ(आरएनएस )। जानकीपुरम थाना क्षेत्र में मड़ियांव गांव रोड स्थित सुलभ शौचालय के पास पान की गुमटी में अज्ञात चोर ने सेंध लगाकर करीब 15 हजार रुपये नकद और सिगरेट चोरी कर ली। घटना 15 और 16 अगस्त की मध्यरात्रि करीब एक बजे से चार बजे के बीच की बताई जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार मड़ियांव गांव रोड स्थित सुलभ शौचालय के पास नीरज गुप्ता द्वारा पान की गुमटी संचालित की जाती है। 16 अगस्त को थाना कार्यालय पर सूचना मिली कि रात के समय अज्ञात चोर ने गुमटी को निशाना बनाया। चोर गुमटी से करीब 15 हजार रुपये नकद और सिगरेट चोरी कर फरार हो गया।घटना की सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसके साथ ही पुलिस ने घटनास्थल से उपलब्ध साक्ष्यों की जांच शुरू कर दी है। अज्ञात चोर की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा पतारसी-सुरागरसी की जा रही है।पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रकरण में नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई प्रचलित है।

—————-

पारा में कंटेनर की चपेट में आने से बाइक सवार घायल, आक्रोशित लोगों ने पत्थर मारकर शीशा तोड़ा

लखनऊ। पारा थाना क्षेत्र में मोहन रोड स्थित ग्राम खुशहालगंज के सामने कंटेनर की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर जुटे कुछ लोगों ने कंटेनर को रोककर सड़क जाम करने का प्रयास किया और पथराव कर कंटेनर का अगला शीशा क्षतिग्रस्त कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए यातायात सुचारू कराया।

पुलिस के अनुसार ग्राम बलिया, थाना काकोरी निवासी अरुण कुमार पुत्र रोशन लाल मोटरसाइकिल से फूल मंडी चौक से अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे कंटेनर की चपेट में आने से उनका पैर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए।घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और भीड़ को समझाकर शांत कराया। पुलिस ने कंटेनर और उसके चालक को कब्जे में ले लिया। इसके बाद सड़क से भीड़ हटाकर यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया गया। घायल अरुण कुमार का उपचार ट्रामा सेंटर में चल रहा है।पुलिस के मुताबिक घटना के दौरान कुछ लोगों द्वारा कंटेनर को रोककर सड़क जाम करने का प्रयास किया गया तथा पत्थर मारकर उसके अगले शीशे को क्षतिग्रस्त किया गया। पुलिस अब खुराफात, उपद्रव और पत्थरबाजी करने वाले लोगों की पहचान के लिए मौके पर उपलब्ध साक्ष्यों तथा अन्य माध्यमों से जांच कर रही है।फिलहाल मौके पर कानून-व्यवस्था सामान्य है और यातायात सुचारू रूप से संचालित हो रहा है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई प्रचलित है।

—————–

फोटो –

चौक पुलिस ने अवैध अंग्रेजी शराब बेचने वाले तीन आरोपियों को पकड़ा, 12 बोतल शराब और दो हजार रुपये बरामद

लखनऊ(आरएनएस )। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर चौक पुलिस द्वारा चलाए जा रहे संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग अभियान के दौरान अवैध रूप से अंग्रेजी शराब रखने और उसकी बिक्री करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12 बोतल अंग्रेजी शराब और दो हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। तीनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस के अनुसार 15 अगस्त 2026 को प्रभारी निरीक्षक चौक के नेतृत्व में क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग तथा गश्त की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग नानावेज चौराहे के सामने स्थित गली में अवैध रूप से अंग्रेजी शराब रखकर बिक्री कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और तीन संदिग्धों को पकड़ लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विजय बहादुर उर्फ खुशीराम, निवासी काशी विहार दौलतगंज थाना ठाकुरगंज, उम्र करीब 35 वर्ष, सिकन्दर, मूल निवासी बरामदपुर लौहरा थाना महरूआ जनपद अम्बेडकरनगर तथा वर्तमान निवासी काशी विहार दौलतगंज थाना ठाकुरगंज, उम्र करीब 31 वर्ष और अखिलेश निषाद, निवासी काशी विहार दौलतगंज थाना ठाकुरगंज, उम्र करीब 19 वर्ष के रूप में हुई है।तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से MOUNTAIN OAK WHISKY की 180 मिलीलीटर क्षमता वाली 12 बोतलें तथा दो हजार रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस ने बरामद शराब और नकदी को नियमानुसार कब्जे में ले लिया।इस मामले में थाना चौक में मु0अ0सं0 183/2026, धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक नागेश उपाध्याय, चौकी प्रभारी चौक उपनिरीक्षक जयकृष्ण द्विवेदी, उपनिरीक्षक मनोज कुमार पाण्डेय तथा कांस्टेबल परम सिंह शामिल रहे।

—————–

फोटो –

मोहनलालगंज में पिता पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाला बेटा गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद

लखनऊ(आरएनएस )। मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के उत्तरगांव में पारिवारिक विवाद के बाद बेटे ने अपने पिता पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने पिता की गर्दन पर चाकू से दो बार वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घटना के बाद फरार आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया, जिस पर खून के सूखे धब्बे पाए गए हैं। विधिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।पुलिस के अनुसार 14 अगस्त 2026 को सावित्री देवी पत्नी बाबूलाल, निवासी उत्तरगांव थाना मोहनलालगंज, ने पुलिस को सूचना दी कि शाम करीब चार बजे उनके पति बाबूलाल ग्राम उत्तरगांव में कबाड़ी की दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान उनके पुत्र शिव कुमार उर्फ गुड्डू ने पीछे से चाकू निकालकर पिता की गर्दन पर लगातार दो वार कर दिए। हमले में बाबूलाल गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी गर्दन पर गहरा घाव हो गया। गंभीर हालत में उन्हें विद्या हास्पिटल हरिकंशगढ़ी में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।सूचना मिलते ही मोहनलालगंज पुलिस ने तत्काल मु0अ0सं0 304/2026, धारा 109(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया। विवेचना के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्य संकलित किए गए, जिनसे घटना की पुष्टि हुई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर लगातार तलाश की जा रही थी।इसी क्रम में 15 अगस्त 2026 को मोहनलालगंज पुलिस टीम ने आरोपी शिव कुमार उर्फ गुड्डू को रात करीब 8:22 बजे भीलमपुर से उत्तरगांव जाने वाली नहर पटरी से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना में इस्तेमाल चाकू को उत्तरगांव से मुड़कर भीलमपुर की तरफ जाने वाले रास्ते पर नहर किनारे फेंकने की जानकारी दी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने नहर किनारे झाड़ियों से घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया। चाकू पर खून के सूखे धब्बे पाए गए, जिसके बाद उसे सावधानीपूर्वक पुलिस कब्जे में ले लिया गया।पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका पिता से विवाद हो गया था। 14 अगस्त की दोपहर पिता द्वारा अपशब्द कहने और थप्पड़ मारने से वह नाराज हो गया था। आरोपी के अनुसार उसने उसी समय पिता की हत्या करने का मन बना लिया। इसके बाद वह घर गया और वहां से सब्जी काटने वाला चाकू लेकर आया। सड़क पर पिता के पास पहुंचकर उसने गर्दन पर चाकू से वार किया और दूसरा वार किया, जो हाथ पर लगा। पिता के गिर जाने के बाद आरोपी उन्हें मरा हुआ समझकर मौके से फरार हो गया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिव कुमार उर्फ गुड्डू पुत्र बाबूलाल, निवासी ग्राम उत्तरगांव थाना मोहनलालगंज, लखनऊ, उम्र करीब 40 वर्ष के रूप में हुई है। वह मोटरसाइकिल रिपेयरिंग का काम करता है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक चाकू बरामद किया है।अभियुक्त की गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अनूप कुमार सिंह, कांस्टेबल शुभम शर्मा और हेड कांस्टेबल जितेन्द्र सिंह शामिल रहे। पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद 16 अगस्त 2026 को आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

—————–

फोटो –

बीकेटी में विवाहिता की मौत के मामले में ससुर और सास गिरफ्तार, पति पहले ही जा चुका है जेल

लखनऊ(आरएनएस )। बीकेटी थाना क्षेत्र में विवाहिता प्रीति गौतम की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने वांछित ससुर और सास को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को 16 अगस्त को ग्राम नगुवामऊ कला अंडरपास, रिंग रोड के पास से घेराबंदी कर पकड़ा गया। मामले में मृतका के पति को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।पुलिस के अनुसार 18 जुलाई 2026 को धीरज पुत्र स्वर्गीय पुत्तीलाल, निवासी भिटहरी पोस्ट गोयला थाना चिनहट, ने थाना बीकेटी में तहरीर दी थी। तहरीर में आरोप लगाया गया था कि उनकी बड़ी बहन प्रीति गौतम पत्नी अरुण कुमार, निवासी ग्राम नगुवामऊ कला पोस्ट अस्ती थाना बीकेटी, की उसके ससुरालीजनों ने हत्या कर गले में फंदा डालकर पंखे से लटका दिया।तहरीर के आधार पर थाना बीकेटी में मु0अ0सं0 0281/2026, धारा 80(2), 85, 352, 351(3) बीएनएस एवं 3/4 डीपी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना प्रभारी सहायक पुलिस आयुक्त, बीकेटी द्वारा की जा रही है।

विवेचना के दौरान पुलिस ने 20 जुलाई 2026 को मृतका के पति अरुण कुमार पुत्र जंगबहादुर को गिरफ्तार कर जिला कारागार भेज दिया था। इसके बाद मुकदमे में वांछित अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार तलाश कर रही थी।इसी क्रम में 16 अगस्त को पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमे से संबंधित दो वांछित आरोपी ग्राम नगुवामऊ कला अंडरपास, रिंग रोड के पास मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। पुलिस ने दोनों को उनके विरुद्ध दर्ज मुकदमे और गिरफ्तारी के कारणों से अवगत कराते हुए सुबह करीब 11:40 बजे नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जंगबहादुर पुत्र स्वर्गीय सोहनलाल, निवासी ग्राम नगुवामऊ कला थाना बीकेटी, उम्र करीब 50 वर्ष तथा कंचना लता पत्नी स्वर्गीय सोहनलाल, निवासी ग्राम नगुवामऊ कला थाना बीकेटी, उम्र करीब 70 वर्ष के रूप में हुई है।पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अभिमन्यु शाह, कांस्टेबल अंशु कुमार और महिला कांस्टेबल रूबी पाराशरी शामिल रहीं।

—————-

फोटो –

मड़ियांव पुलिस ने नशीला पदार्थ मिलाकर दुराचार के मामले में वांछित आरोपी को सीतापुर से गिरफ्तार किया

लखनऊ(आरएनएस )। मड़ियांव थाना पुलिस ने आम के शेक में नशीला पदार्थ मिलाकर महिला और युवती को पिलाने तथा युवती के साथ दुराचार करने के आरोप में दर्ज मुकदमे में वांछित आरोपी को सीतापुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को उसके मामा के घर से हिरासत में लिया। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।पुलिस के अनुसार 14 जुलाई 2026 को करीब 46 वर्षीय आवेदिका ने थाने में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि विपक्षी ने आम के शेक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसकी करीब 50 वर्षीय बहन और करीब 18 वर्षीय पुत्री को पिला दिया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने उसकी पुत्री के साथ अनैतिक कृत्य किया।

प्रार्थना पत्र के आधार पर थाना मड़ियांव में मु0अ0सं0 337/2026, धारा 123/64(1) बीएनएस के तहत रंजीत सिंह राठौर के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी।इसी क्रम में 16 अगस्त 2026 को मड़ियांव पुलिस की टीम ने मुकदमे में वांछित आरोपी रंजीत कुमार राठौर उर्फ रंजीत सिंह राठौर पुत्र कृष्ण राठौर, निवासी शिवलोक त्रिवेणीनगर-3 थाना अलीगंज, लखनऊ, उम्र करीब 36 वर्ष को सीतापुर के इलसिया ग्रंट स्थित आनंद बिहार कॉलोनी में उसके मामा के घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गिरफ्तारी के कारणों से आरोपी को अवगत कराते हुए नियमानुसार कार्रवाई की।पुलिस के मुताबिक आरोपी का कथित अपराध करने का तरीका यह था कि वह आम के शेक में नशीला पदार्थ मिलाकर पीड़िता की बहन और पुत्री को पिलाता था। पुलिस मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने सर्वोच्च न्यायालय और मानवाधिकार आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन किए जाने की बात कही है। आरोपी के आपराधिक इतिहास के संबंध में अन्य जनपदों और थानों से जानकारी जुटाई जा रही है। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक शिवानन्द मिश्र, उपनिरीक्षक अशोक कुमार सिंह, उपनिरीक्षक सत्येन्द्र कुमार, कांस्टेबल दिग्विजय यादव और महिला कांस्टेबल अंकिता राय शामिल रहीं।

—————-

फोटो –

सैरपुर पुलिस ने चोरी की बाइक बरामद की, दो बाल अपचारी पुलिस संरक्षण में लिए गए

लखनऊ(आरएनएस )। सैरपुर थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो बाल अपचारियों को पुलिस संरक्षण में लिया है। उनकी निशानदेही पर चोरी की गई हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई। पुलिस द्वारा दोनों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस के अनुसार जयंत सिंह पुत्र स्वर्गीय ओमप्रकाश सिंह, निवासी छठामील तिवारीपुर नागेश्वरनाथ कॉलोनी लखनऊ, ने 3 जुलाई 2026 को थाना सैरपुर में प्रार्थना पत्र देकर बताया था कि 1 जुलाई की शाम करीब 7:30 बजे छठामील बाजार स्थित सब्जी मंडी के पास से उनकी हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल संख्या UP78GV2360 चोरी हो गई थी।प्रार्थना पत्र के आधार पर थाना सैरपुर में मु0अ0सं0 76/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद से पुलिस चोरी गई मोटरसाइकिल और अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी थी।इसी क्रम में 15 अगस्त 2026 को रात करीब 9:30 बजे पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दो बाल अपचारियों को पुलिस संरक्षण में लिया। इनमें से एक को भिठौली क्रासिंग के पहले से तथा दूसरे को पहले से संरक्षण में लिए गए बाल अपचारी की निशानदेही पर ग्राम चकगंजागिरी तकिया थाना बीकेटी स्थित उसके घर से पुलिस संरक्षण में लिया गया।पुलिस के मुताबिक दोनों बाल अपचारियों की निशानदेही पर चोरी की गई हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल संख्या UP78GV2360 बरामद कर ली गई। बरामदगी के बाद मामले में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।पुलिस संरक्षण में लिए गए दोनों बाल अपचारियों की उम्र करीब 15 वर्ष और 16 वर्ष बताई गई है। किशोरों की पहचान सार्वजनिक किए बिना उनके संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।इस कार्रवाई को थानाध्यक्ष मनोज कुमार कोरी के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। टीम में उपनिरीक्षक राम देव, उपनिरीक्षक घनश्याम गौतम, महिला उपनिरीक्षक अंजना देवी, कांस्टेबल दिलीप कुमार द्विवेदी और महिला कांस्टेबल साधना सिंह चौहान शामिल रहीं।

——————–

फोटो –

ऑपरेशन किरण से टूटते परिवारों को बचाने की पहल, अलीगंज और रहीमाबाद में पुलिस ने पति-पत्नी के विवाद सुलझाकर कराया समझौता

लखनऊ(आरएनएस )। पुलिस उपायुक्त उत्तरी, कमिश्नरेट लखनऊ के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन किरण के तहत पुलिस और मिशन शक्ति केंद्र की टीमों द्वारा पारिवारिक एवं आपसी विवादों को संवाद, काउंसलिंग और सकारात्मक परामर्श के माध्यम से सुलझाकर परिवारों एवं रिश्तों को टूटने से बचाने का प्रयास लगातार जारी है। इसी क्रम में थाना अलीगंज और थाना रहीमाबाद में पति-पत्नी के बीच चल रहे विवादों का सफलतापूर्वक समाधान कराकर दोनों पक्षों के बीच सुलह-समझौता कराया गया।थाना अलीगंज में पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहे आपसी मतभेद को दूर करने के लिए मिशन शक्ति केंद्र की टीम ने दोनों पक्षों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। काउंसलिंग के दौरान दोनों पक्षों के बीच सकारात्मक संवाद स्थापित कराया गया और विवाद के कारणों को समझते हुए आपसी मतभेद दूर करने के लिए समझाइश दी गई। पुलिस टीम के प्रयास और प्रभावी काउंसलिंग के बाद पति-पत्नी ने अपने पुराने मतभेद भुलाकर आपसी सहमति से दोबारा साथ रहने का निर्णय लिया।मिशन शक्ति केंद्र थाना अलीगंज की टीम ने दोनों पक्षों के बीच सुलह-समझौता कराने के बाद उन्हें आपसी प्रेम, विश्वास और सौहार्द के साथ पारिवारिक जीवन आगे बढ़ाने की सलाह दी। इसके बाद दोनों को सकुशल उनके घर भेज दिया गया। परिवार को टूटने से बचाने के लिए पुलिस की ओर से किए गए इस प्रयास की स्थानीय लोगों ने सराहना की।अलीगंज में मध्यस्थता कराने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक विनय मिश्रा, महिला उपनिरीक्षक प्रगति सिंह और महिला हेड कांस्टेबल किरण साहू शामिल रहीं।इसी प्रकार थाना रहीमाबाद में भी ऑपरेशन किरण के तहत पति-पत्नी के बीच उत्पन्न पारिवारिक विवाद का काउंसलिंग और मध्यस्थता के माध्यम से सफलतापूर्वक समाधान कराया गया। मिशन शक्ति केंद्र में दोनों पक्षों को बुलाकर उनकी समस्याओं और शिकायतों को ध्यानपूर्वक सुना गया। पुलिस टीम ने दोनों के बीच सकारात्मक संवाद स्थापित कर आपसी मनमुटाव और विवाद के कारणों को दूर करने का प्रयास किया।प्रभावी काउंसलिंग और पुलिस की समझाइश के बाद पति-पत्नी ने अपने मतभेद समा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *