
चेन्नई सुपर किंग्स के स्टार सलामी बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ आईपीएल 2022 की शुरुआती मुकाबलों में लगातार फेल रहने के बाद पिछले मैच में लय में दिखे। उन्होंने गुजरात टाइटंस के खिलाफ चारों तरफ शॉट खेले और 48 गेंदों में 73 रन की तूफानी पारी खेली। ऋतुराज का फॉर्म में लौटना जहां चेन्नई के लिए राहत की बात है तो वहीं विपक्षी टीम की चिंताएं बढ़ा सकता है। सीएसके के बल्लेबाज ने पिछले सीजन में टीम को विजेता बनाने में अहम योगदान दिया था। उन्होंने 600 से अधिक रन बनाए थे और सीजन में सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे थे।
ऋतुराज के पास अब दिग्गज सचिन तेंदुलकर को पछाड़कर शीर्ष पर काबिज होने का मौका है। 25 साल के गायकवाड़ अगर 53 रन बना लेते हैं तो वह आईपीएल में सबसे तेज 1000 रन बनाने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे। इस मामले में वह सचिन से आगे निकल जाएंगे। सीएसके के बल्लेबाज ने अभी तक 28 पारियों में 947 रन बनाए हैं। जबकि सचिन ने 31 पारियों में हजार के आंकड़े को छुआ था। ऋतुराज के पास सिर्फ दो पारियों में इस रिकॉर्ड को हासिल करने को मौका होगा।
आईपीएल में सबसे तेज 1000 रन बनाने वाले खिलाड़ी
- सचिन तेंदुलकर: 31 पारियां
- सुरेश रैना: 34 पारियां
- देवदत्त पडिक्कल: 35 पारियां
- ऋषभ पंत: 35 पारियां
- रोहित शर्मा: 37 पारियां
चेन्नई को इस सीजन का अपना सातवां मुकाबला खेलना है और यहां उसका सामना लीग की सबसे सफल टीम मुंबई इंडियंस से होगा। हालांकि, दोनों टीमों के लिए मौजूदा सीजन काफी निराशाजनक रहा है और वे अंक तालिका में निचले पायदान पर हैं। चेन्नई को छह मुकाबलों में सिर्फ एक जीत मिली है तो वहीं मुंबई को अपनी पहली जीत की तलाश है।

