कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने दिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के निर्देश

कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने दिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के निर्देश

सीतापुर। शिव शक्ति सनातन सेवा समिति के तत्वावधान में श्री त्यागी बाबा के संरक्षण में आयोजित होने वाली भव्य कांवड़ यात्रा एवं विशाल भंडारे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। तैयारियों की समीक्षा के लिए गुरुवार को लहरपुर स्थित खेमकरन इंटर कॉलेज में जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. और पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल की अध्यक्षता में बैठक हुई। अधिकारियों ने आयोजक मंडल से सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने की अपेक्षा की। जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कांवड़ यात्रा मार्ग, विश्राम स्थलों और भंडारा स्थलों पर चिकित्सा टीम, एंबुलेंस तथा चिकित्सा शिविरों की व्यवस्था आवश्यक दवाओं के साथ करने के निर्देश दिए। जल लेने वाले स्थलों पर बैरिकेडिंग, संकेतक और सुरक्षा के अन्य इंतजाम करने के साथ ही यात्रा मार्गों पर सफाई एवं सुरक्षा व्यवस्था पर्याप्त रखने को कहा गया। विश्राम स्थलों पर साफ-सफाई, प्रकाश और पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने कहा कि कांवड़ यात्रा समेत सभी कार्यक्रम अनुशासन और आपसी समन्वय के साथ संपन्न कराए जाएं। कानून-व्यवस्था से जुड़ी किसी भी समस्या की सूचना तत्काल पुलिस अथवा प्रशासनिक अधिकारियों को दी जाए, जिससे समय रहते कार्रवाई की जा सके। उन्होंने बताया कि पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस प्रबंध सुनिश्चित किया जाएगा। बैठक में उपजिलाधिकारी लहरपुर धामनी एम. दास, आयोजक मंडल के सदस्य, गणमान्य नागरिक और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

 

अटरिया हाईवे पर रफ्तार का कहरः पैदल यात्री को रौंदते हुए बुलेट सवार भी मौत के मुंह मेंदो की मौत

-एक झटके में उजड़ गए दो परिवार, बाइक सवार दूसरा युवक गंभीर घायल,लखनऊ-सीतापुर हाईवे पर मचा हड़कंप

सीतापुर। लखनऊ-सीतापुर हाईवे पर बुधवार देर रात तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। अटरिया कस्बे में सीतापुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार बुलेट ने सड़क पर पैदल जा रहे व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि पैदल यात्री और बुलेट चालक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर जा गिरे। बाइक पर सवार दूसरा युवक भी हादसे की चपेट में आकर घायल हो गया। तीनों को आनन-फानन हिंद अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने बुलेट चालक और पैदल यात्री को मृत घोषित कर दिया। हादसे में दो लोगों की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। मृतकों की पहचान शोभित (26) पुत्र रघुनाथ निवासी पानपुर, थाना अटरिया तथा विमलेश (32) पुत्र दद्दन सिंह निवासी महुवा आड़, जनपद बक्सर, बिहार के रूप में हुई है। बताया गया कि शोभित हादसे के समय पैदल जा रहे थे, जबकि विमलेश बुलेट चला रहे थे। हादसे में बुलेट पर सवार नीतीश कुमार सिंह (21) पुत्र अरविंद कुमार निवासी मसाढ़, थाना भोजपुर, जनपद भोजपुर, बिहार घायल हो गए। उनका उपचार अस्पताल में जारी है। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही अटरिया पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की कार्रवाई की। पुलिस ने स्थिति संभालते हुए यातायात सुचारु कराया। दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। घटना की खबर मृतकों के घर पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। एसओ अटरिया लाल बहादुर मिश्रा ने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत हुई है। घायल का उपचार चल रहा है और मामले में विधिक कार्रवाई की जा र

ही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *