(कुशीनगर) नई व्यवस्था से आउटसोर्स कर्मियों के अधिकारों एवं हितों को मिलेगी मजबूती:- डीएम
—- आउटसोर्स कर्मियों को मिलेगा सम्मान, पारदर्शिता एवं सामाजिक सुरक्षा का मजबूत आधार।
—- आउटसोर्स कर्मियों के लिए नई व्यवस्था का शुभारंभ, पोर्टल एवं वेबसाइट से बढ़ेगी पारदर्शिता।
कुशीनगर, 02 सितंबर (आरएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आउटसोर्स कर्मियों के हितों के संरक्षण, सेवा व्यवस्था में पारदर्शिता तथा सामाजिक सुरक्षा को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के लोगो का अनावरण तथा निगम की वेबसाइट एवं पोर्टल का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में कार्यक्रम आयोजित कर आउटसोर्स कर्मियों एवं संबंधित अधिकारियों द्वारा मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा गया। इसी क्रम में कुशीनगर कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में विधायक पडरौना मनीष जायसवाल, विधायक हाटा मोहन वर्मा, उत्तर प्रदेश विकास निगम के उपाध्यक्ष राजेश्वर सिंह, जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर, अपर जिलाधिकारी, नगर पालिका परिषद पडरौना के अध्यक्ष विनय जायसवाल सहित प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में आउटसोर्स कर्मी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के गठन का प्रमुख उद्देश्य आउटसोर्स कर्मियों को अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित एवं सुरक्षित सेवा व्यवस्था उपलब्ध कराना है। निगम के पोर्टल के माध्यम से संबंधित विभाग, सेवा प्रदाता एजेंसी तथा आउटसोर्स कर्मियों को एकीकृत डिजिटल व्यवस्था से जोड़ा जाएगा। इससे भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के साथ ही कर्मचारियों से संबंधित सेवा विवरण एवं अन्य आवश्यक जानकारी ऑनलाइन उपलब्ध कराने में सुविधा होगी। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान आउटसोर्स कर्मियों के मानदेय, ईपीएफ, ईएसआईसी, सेवा सुरक्षा, प्रशिक्षण तथा पारदर्शी भर्ती व्यवस्था से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी एवं घोषणाएं साझा की गईं। सरकार द्वारा आउटसोर्स कर्मियों को समयबद्ध मानदेय तथा सामाजिक सुरक्षा का लाभ सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि आउटसोर्स कर्मी शासकीय व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। विभिन्न विभागों, स्वास्थ्य सेवाओं, सफाई व्यवस्था, नगरीय निकायों सहित अनेक क्षेत्रों में आउटसोर्स कर्मी अपनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं। नई व्यवस्था के माध्यम से उनके सेवा हितों, अधिकारों एवं सामाजिक सुरक्षा को और अधिक प्रभावी ढंग से सुनिश्चित किए जाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
इनसेट– नगरीय निकायों के कर्मियों को पीपीई किट किया गया वितरित:- कार्यक्रम के दौरान श्रम विभाग की ओर से नगरीय निकायों में कार्यरत कर्मियों को पीपीई किट का वितरण भी किया गया। अधिकारियों ने कहा कि कार्यस्थल पर कर्मियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराकर उन्हें सुरक्षित कार्य वातावरण प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में श्रम विभाग द्वारा पात्र लाभार्थियों को चेक का वितरण किया गया। उपस्थित आउटसोर्स कर्मियों ने उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के गठन, पोर्टल एवं वेबसाइट के शुभारंभ तथा कर्मचारी हित में की गई विभिन्न पहलों को महत्वपूर्ण बताते हुए सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने उपस्थित आउटसोर्स कर्मियों को नई व्यवस्था के शुभारंभ पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी, सुगम एवं कर्मचारी हितैषी व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा।

