क्लब में नशे की हालत में युवती ने किया हंगामा, शीशा टूटने से हाथ में लगी चोट, मारपीट की खबरें भ्रामक

क्लब में नशे की हालत में युवती ने किया हंगामा, शीशा टूटने से हाथ में लगी चोट, मारपीट की खबरें भ्रामक
लखनऊ, (आरएनएस)। गोमतीनगर स्थित समिट बिल्डिंग के प्रथम तल पर क्लब बिंदास में देर रात एक युवती के नशे की अवस्था में हंगामा करने की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही समिट चौकी पुलिस महिला आरक्षी सहित पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस की जांच में किसी प्रकार की मारपीट की बात सामने नहीं आई।पुलिस के अनुसार 2 और 3 सितंबर की मध्यरात्रि में सूचना प्राप्त हुई कि समिट बिल्डिंग के प्रथम तल स्थित क्लब बिंदास में एक युवती नशे की हालत में हंगामा कर रही है। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। मौके पर युवती अत्यधिक नशे की अवस्था में मिली, जिसके बाद पुलिस ने स्थिति को शांत कराया।प्रारंभिक जांच में सामने आया कि युवती ने क्लब के पोडियम पर लगे कांच पर हाथ मार दिया था, जिससे कांच टूट गया। कांच टूटने से उसके हाथ में चोट लग गई थी और दर्द के कारण वह चिल्ला रही थी। पुलिस ने तत्काल युवती के हाथ में लगी चोट का प्राथमिक उपचार कराया।पुलिस के अनुसार युवती रजनीखंड, गोमतीनगर, लखनऊ की निवासी है। प्राथमिक उपचार के बाद पुलिस ने उसके साथ मौजूद महिला मित्र की मौजूदगी में युवती को समझाया-बुझाया और सकुशल घर भेज दिया।पुलिस ने स्पष्ट किया कि मौके पर किसी प्रकार की मारपीट नहीं हुई। न ही किसी बाउंसर के घायल होने की पुष्टि हुई है। समिट बिल्डिंग में मारपीट के संबंध में सामाजिक माध्यमों और अन्य माध्यमों से प्रसारित की जा रही खबरों को पुलिस ने भ्रामक एवं तथ्यहीन बताया है।पुलिस के मुताबिक घटना के संबंध में मौके पर कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है और किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *