खिलौनों के गोदाम में मिला 10 लाख कीमत का अवैध पटाखा
3 क्विंटल पटाखों की खेप बरामद, मालिक और उसके दोनों बेटे फरार
प्रयागराज। सोरांव थाना क्षेत्र में दीपावली से पहले खिलौनों के बीच मौत का सामान छिपाकर रखा गया था। बाहर से खिलौनों का गोदाम दिखने वाली जगह के अंदर करीब तीन क्विंटल पटाखों का जखीरा मिला। बरामद पटाखों की कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि पटाखों को खिलौनों के बीच छिपाकर स्टोर किया गया था। पुलिस ने गोदाम से पटाखे तो कब्जे में ले लिए, लेकिन उसका मालिक और उसके दोनों बेटे मौके पर नहीं मिले। तीनों की तलाश की जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार दीपावली को देखते हुए पुलिस अवैध रूप से पटाखों की बिक्री और भंडारण करने वालों पर नजर रख रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि सोरांव कस्बे में भारी मात्रा में पटाखों की खेप पहुंची है। इसे एक गोदाम में छिपाकर रखा गया है।
सूचना मिलते ही एडीसीपी पुष्कर वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम बनाई गई। एसीपी श्यामजीत प्रमिला सिंह सोरांव थाने की फोर्स के साथ बताए गए ठिकाने पर पहुंचीं। यहां संगम पटवा की खिलौने की दुकान के गोदाम की तलाशी ली गई। गोदाम के अंदर तलाशी शुरू हुई तो खिलौनों के बीच बड़ी मात्रा में पटाखे रखे मिले। शुरुआती जांच में इनका वजन करीब तीन क्विंटल आंका गया है। बरामद पटाखों की कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने मौके पर मौजूद कर्मचारी से पटाखों के भंडारण और बिक्री का लाइसेंस मांगा, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसके बाद पुलिस ने पूरी खेप को कब्जे में ले लिया। छापेमारी के दौरान गोदाम में केवल एक कर्मचारी मौजूद था। दुकान मालिक संगम पटवा और उसके दोनों बेटे मौके पर नहीं मिले। पुलिस ने उनकी तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल यह भी पता लगाया जा रहा है कि इतनी बड़ी मात्रा में पटाखे कहां से मंगाए गए थे और इन्हें किन इलाकों में बेचने की तैयारी थी।

