गंभीर बीमारी की रोकथाम हेतु संचालित व्यापक टीकाकरण अभियान के आठवें चरण का शुभारंभ किया गया है।

मा0 राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण श्री गिरीश चन्द्र यादव जी के द्वारा मुॅुहपका खुरपका (एफएमडी) रोग नियंत्रण हेतु टीकाकरण के 8 वे चरण का शुभारम्भ हरी झण्डी दिखाकर किया गया। जनपद में यह अभियान में 22 जुलाई से 8 सितम्बर 2026 तक संचालित किया जाएगा।

माननीय राज्यमंत्री जी ने कहा कि पशुपालन विभाग द्वारा पशुओं में होने वाली खुरपका-मुंहपका जैसी गंभीर बीमारी की रोकथाम हेतु संचालित व्यापक टीकाकरण अभियान के आठवें चरण का शुभारंभ किया गया है। उन्होंने बताया कि अभियान का सातवां चरण सफलतापूर्वक पूर्ण हो चुका है तथा अब आठवें चरण के अंतर्गत जनपद जौनपुर में लगभग 6 लाख पशुओं के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

उन्होंने कहा कि सरकार पशुओं को किसानों एवं पशुपालकों की अमूल्य संपत्ति मानती है। पशुओं को संक्रामक बीमारियों से सुरक्षित रखना सरकार की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से पूरे प्रदेश में यह व्यापक टीकाकरण अभियान संचालित किया जा रहा है, ताकि पशुधन स्वस्थ एवं संरक्षित रहे तथा पशुपालकों को किसी प्रकार की आर्थिक क्षति का सामना न करना पड़े।

माननीय मंत्री ने कहा कि शासन निरंतर प्रयासरत है कि प्रदेश का प्रत्येक पशु रोगमुक्त एवं सुरक्षित रहे। टीकाकरण के माध्यम से पशुओं को खुरपका-मुंहपका जैसी गंभीर बीमारियों से बचाया जा सकेगा और पशुधन की उत्पादकता में भी वृद्धि होगी। उन्होंने सभी पशुपालकों से अपील की कि वे अपने सभी पशुओं का समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं तथा विभाग के इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएं।

जिलाधिकारी ने बताया कि एफ.एम.डी. एक विषाणुजनित एवं अत्यंत संक्रामक रोग है, जो संक्रमित पशुओं से स्वस्थ पशुओं में तेजी से फैलता है। यह रोग विशेष रूप से गोवंश एवं महिषवंश के पशुओं को प्रभावित करता है। इसके प्रमुख लक्षणों में पशुओं को बुखार आना, चारा छोड़ देना, दूध उत्पादन बंद या कम हो जाना, मुँह एवं खुर में छाले पड़ना तथा लंगड़ापन शामिल हैं। इस रोग की रोकथाम का सबसे प्रभावी उपाय समय पर टीकाकरण है।

उन्होंने जनपद के सभी पशुपालकों से अपील की है कि अपने पशुओं का निर्धारित तिथि पर निःशुल्क एफ.एम.डी. टीकाकरण अवश्य कराएं, ताकि खुरपका-मुँहपका रोग से पशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके तथा दुग्ध उत्पादन में वृद्धि के साथ पशुपालकों की आय भी बढ़े।

प्रभारी मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ. संजय कुमार ने बताया कि खुरपका-मुँहपका रोग (एफ.एम.डी.) के नियंत्रण हेतु जनपद में आठवें चरण का 45 दिवसीय निःशुल्क टीकाकरण अभियान 22 जुलाई 2026 से 08 सितंबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। जनपद को इस अभियान के लिए 5,70,550 डोज वैक्सीन प्राप्त हुई हैं। जनपद में कुल 6,32,664 पशु हैं, जिनमें 2,95,060 गोवंशीय तथा 3,37,604 महिषवंशीय पशु शामिल हैं। अभियान के दौरान जनपद की 1,740 ग्राम पंचायतों तथा लगभग 2 लाख पशुपालकों तक पहुंचकर टीकाकरण किया जाएगा।

जनपद के 21 विकास खंडों में स्थित 36 पशु चिकित्सालयों के माध्यम से 43 टीकाकरण टीमें गठित की गई हैं।

मुख्य पशुचिकित्साधिकारी ने बताया कि एफ.एम.डी. वैक्सीन की गुणवत्ता एवं प्रभावशीलता बनाए रखने के लिए सभी पशु चिकित्सालयों पर कोल्ड-चेन की समुचित व्यवस्था की गई है।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया सहित अन्य पशुचिकित्साधिकारी व अन्य उपस्थित रहे।

———
जौनपुर 22 जुलाई, 2026 (सू0वि0) विज्ञप्ति संख्या-02

प्रदेश स्तरीय समन्वय जूनियर बालक फुटबाल एवं सब-जूनियर बालक/बालिका तैराकी प्रतियोगिता का आयोजन

क्रीड़ा अधिकारी अशोक सोनकर ने अवगत कराया है कि खेल निदेशालय उ0प्र0, लखनऊ के तत्वावधान में खेल विभाग उ0प्र0 एवं उ0प्र0 फुटबाल संघ के समन्वय से प्रदेश स्तरीय समन्वय जूनियर बालक फुटबाल प्रतियोगिता का आयोजन 01 से 08 अगस्त, 2026 तक स्पोर्ट्स स्टेडियम मऊ में किया जा रहा है।

उक्त के क्रम में जनपद जौनपुर के जूनियर बालक फुटबाल खिलाड़ियों का जनपदीय चयन/परीक्षण 24 जुलाई 2026 को पूर्वान्ह 10.00 बजे से इन्दिरा गांधी स्टेडियम सिद्दीकपुर में किया जायेगा। जनपद स्तर पर चयनित जूनियर बालक फुटबाल खिलाड़ी ही 25 जुलाई 2026 को आयोजित मण्डल स्तरीय चयन/ट्रायल्स, जो डॉ0 सम्पूर्णानन्द स्पोर्ट्स स्टेडियम सिगरा, वाराणसी में प्रातः 09.00 बजे से किया जायेगा, में प्रतिभाग करेंगे। मण्डल स्तरीय चयन/ट्रायल्स उपरान्त मण्डल की टीम का गठन किया जायेगा, मण्डल स्तरीय टीम ही प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेगी। उक्त प्रदेश स्तरीय समन्वय जूनियर बालक फुटबाल प्रतियोगिता में वही खिलाड़ी भाग ले सकते हैं जिनकी जन्म 01.01.2011 या उसके बाद हो तथा से 31.12.2012 के मध्य हो। आयु से सम्बन्धित मूल अभिलेख चयन/परीक्षण के समय प्रस्तुत करना होगा।

खेल विभाग उ0प्र0 एवं उ0प्र0 तैराकी संघ के समन्वय से प्रदेश स्तरीय समन्वय सब-जूनियर बालक/बालिका तैराकी प्रतियोगिता का आयोजन 14 से 16 अगस्त, 2026 तक स्पोर्ट्स स्टेडियम अयोध्या में किया जा रहा है। उक्त के क्रम में जनपद जौनपुर के जूनियर सब-जूनियर बालक/बालिका तैराकी खिलाड़ियों का जनपदीय चयन/परीक्षण 28 जुलाई 2026 को पूर्वान्ह 10.00 बजे से इन्दिरा गांधी स्टेडियम सिद्दीकपुर में किया जायेगा। जनपद स्तर पर चयनित सब-जूनियर बालक/बालिका तैराकी खिलाड़ी ही 30 जुलाई 2026 को आयोजित मण्डल स्तरीय चयन/ट्रायल्स, जो डॉ0 सम्पूर्णानन्द स्पोर्ट्स स्टेडियम सिगरा, वाराणसी में प्रातः 09.00 बजे से किया जायेगा, में प्रतिभाग करेंगे। मण्डल स्तरीय चयन/ट्रायल्स उपरान्त मण्डल की टीम का गठन किया जायेगा, मण्डल स्तरीय टीम ही प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेगी। उक्त प्रदेश स्तरीय समन्वय सब-जूनियर बालक/बालिका तैराकी प्रतियोगिता में वही खिलाड़ी भाग ले सकते हैं ग्रुप-3 के लिए जिनका जन्म वर्ष 2012 और 2013 के मध्य हो अधिकतम 05 इवेन्ट तथा ग्रुप-4 के लिए जिनका जन्म वर्ष 2014 और 2015 के मध्य हो अधिकतम 04 इवेन्ट में प्रतिभाग कर सकते है।

———–
जौनपुर 22 जुलाई, 2026 (सू0वि0) विज्ञप्ति संख्या-03

जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में सोमवार देर सायं कलेक्ट्रेट सभागार में आईजीआरएस की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई।

बैठक में जिलाधिकारी ने आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या औपचारिकता स्वीकार नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने विशेष रूप से भूमि विवाद से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि ऐसे प्रकरणों का पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा मौके पर जाकर निरीक्षण करते हुए निष्पक्ष एवं प्रभावी निस्तारण कराया जाए। उन्होंने कहा कि संवेदनशील मामलों में दोनों विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, जिससे विवादों का स्थायी समाधान हो सके और कानून-व्यवस्था प्रभावित न होने पाए।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि माननीय न्यायालयों द्वारा पारित आदेशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, समस्त उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी एवं अन्य जिलास्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
——–
जौनपुर 22 जुलाई, 2026 (सू0वि0) विज्ञप्ति संख्या-04

जिलाधिकारी श्री सैमुअल पाल एन. की अध्यक्षता में सोमवार देर सायं कलेक्ट्रेट सभागार में नगर निकायों में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यो की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि नगर क्षेत्रों में नियमित एवं प्रभावी साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए, जिससे नागरिकों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध हो सके। जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर में महिलाओं की सुविधा के लिए पिंक टॉयलेट का निर्माण कराने के निर्देश दिए। साथ ही जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों के परिजनों के रात्रि विश्राम हेतु समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

आगामी शीतकालीन मौसम को ध्यान में रखते हुए उन्होंने नगर निकायों में पर्याप्त रैन बसेरों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए, ताकि निराश्रित व्यक्तियों के साथ-साथ विभिन्न प्रतियोगी एवं अन्य परीक्षाओं में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों को भी अस्थायी रूप से सुरक्षित ठहरने की सुविधा मिल सके।

जिलाधिकारी ने कहा कि सरकारी भवनों की दीवारों पर शासन की जनकल्याणकारी एवं जागरूकता संबंधी योजनाओं की आकर्षक पेंटिंग कराई जाए, जिससे आमजन को योजनाओं की जानकारी सहज रूप से प्राप्त हो सके।

उन्होंने नगर निकायों में संबंधित थाना प्रभारियों के समन्वय से प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने के निर्देश दिए, जिससे कानून-व्यवस्था एवं नागरिक सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।

बैठक में जिलाधिकारी ने नगर निकाय में सिटी फॉरेस्ट विकसित करने पर विशेष जोर देते हुए अधिकाधिक पौधरोपण एवं हरित क्षेत्र बढ़ाने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। नगर निकायों में पब्लिक एनाउंसमेंट सिस्टम स्थापित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों से इन निर्देशों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अम्बष्ठ, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व परमानन्द झा सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *