गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र में शराब ठेके के बाहर युवक की लाठी से पिटाई, नाली में गिरने के बाद भी जारी रही मारपीट

ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय
गाजियाबाद : गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र के बहरामपुर स्थित राहुल विहार में शराब ठेके के बाहर मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कुछ युवक आपस में झगड़ते दिखाई दे रहे हैं। इनमें से एक युवक दूसरे युवक पर लाठी से हमला करता नजर आ रहा है।
नाली में गिरने के बाद भी नहीं रुकी पिटाई
वीडियो में दिखाई देता है कि लाठी से हमला किए जाने के दौरान पीड़ित युवक खुद को बचाने का प्रयास करता है। इसी बीच वह सड़क किनारे बनी नाली में गिर जाता है। इसके बावजूद आरोपी युवक उसकी पिटाई करता रहता है। घटना के दौरान आसपास कई लोग मौजूद दिखाई दे रहे हैं। वीडियो के अंत में एक पुलिसकर्मी भी मौके पर नजर आता है।
घटना की वजह और समय अभी स्पष्ट नहीं
वायरल वीडियो के आधार पर अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दोनों पक्षों के बीच विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ था। घटना में शामिल युवकों की पहचान और मारपीट की सही तारीख व समय की भी फिलहाल पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस ने लिया संज्ञान
वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है। थाना प्रभारी के अनुसार, वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस घटना से संबंधित अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, फिलहाल मामले में कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। वीडियो और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *