ब्यूरो चीफ /सत्य प्रकाश उपाध्याय
गाजियाबाद : गाजियाबाद के मुरादनगर क्षेत्र में एक महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने मृतका सोनिया की हत्या के आरोप में उसके पति प्रविंद्र, देवर विनोद और मामा ब्रह्मपाल को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर हत्या के बाद शव को जलाकर सबूत मिटाने और अवशेषों को तालाब में फेंकने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, घटना 29 जनवरी की है। मामले का खुलासा तब हुआ जब मृतका के भाई संदीप कुमार, निवासी जानसठ (मुजफ्फरनगर), ने 7 जून को अपनी बहन के अपहरण और हत्या के संबंध में प्रविंद्र के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में मुख्य आरोपी प्रविंद्र ने स्वीकार किया कि उसने अपने भाई विनोद के साथ मिलकर पत्नी की हत्या की। पुलिस के मुताबिक, पहले सोनिया को फांसी के फंदे पर लटकाया गया। जब फंदे से उतारने पर उसकी सांसें चल रही थीं, तब तकिए से मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घरेलू विवाद और पारिवारिक कलह के चलते आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया। हत्या के बाद शव को घर के बेड बॉक्स में छिपाकर रखा गया। बाद में शव को मुजफ्फरनगर के सिंगलपुर गांव स्थित ननिहाल ले जाया गया, जहां उपलों के ढेर में रखकर जला दिया गया।
पुलिस के अनुसार, शव जलाने के बाद बची हड्डियों और अन्य अवशेषों को गांव के तालाब में फेंक दिया गया, ताकि घटना के सबूत नष्ट किए जा सकें। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने तालाब से कुछ अवशेष बरामद किए हैं, जिन्हें फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
एसीपी मसूरी भास्कर वर्मा ने बताया कि आरोपियों ने सुनियोजित साजिश के तहत हत्या की और सबूत मिटाने का प्रयास किया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा अन्य पहलुओं की भी गहन जांच जारी है।

