गाजियाबाद में बच्चों की तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, दंपती समेत 7 गिरफ्तार

ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय
गाजियाबाद : गाजियाबाद के टीला मोड़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने बच्चों की खरीद-फरोख्त करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पति-पत्नी समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अगवा किए गए तीन महीने के बच्चे को सकुशल बरामद कर उसके माता-पिता को सौंप दिया है। मामले में दो आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 9 अगस्त को फुरकान ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसका तीन महीने का बेटा अलबक्श लापता हो गया है। शिकायत के बाद पुलिस ने बच्चे की तलाश शुरू की। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदल रहे थे और पुलिस को गुमराह करने का प्रयास कर रहे थे। आरोपियों ने बच्चे को अपना बताकर अपने साथ रखा हुआ था।
लगातार दबिश और जांच के बाद पुलिस ने 12 अगस्त को सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में नौशाद, उसकी पत्नी रुखसार, नागेंद्र, नसीम, आबिद और दो महिलाएं शामिल हैं। पुलिस ने बच्चे को भी सुरक्षित बरामद कर लिया।
जन्म से पहले ही बच्चे का सौदा करने का आरोप
पुलिस की प्रारंभिक जांच में गिरोह के काम करने के तरीके को लेकर चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। पुलिस के मुताबिक, नौशाद और उसकी पत्नी रुखसार ने कथित तौर पर अपने बच्चे का सौदा जन्म से पहले ही तय कर लिया था। गिरोह में लड़के की कीमत करीब चार लाख रुपये, जबकि लड़की की कीमत दो से ढाई लाख रुपये तक तय किए जाने की बात सामने आई है।
जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी ऐसे दंपतियों को बच्चे उपलब्ध कराते थे, जिनके यहां लंबे समय से संतान नहीं हो रही थी। जरूरत के मुताबिक बच्चों को दूसरे राज्यों में भी भेजे जाने की जानकारी पुलिस को मिली है।
दो साल से सक्रिय था गिरोह
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, गिरोह करीब दो वर्षों से बच्चों की खरीद-फरोख्त के अवैध कारोबार में सक्रिय था। इसके तार उत्तर प्रदेश के अलावा दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान तक जुड़े होने की आशंका है। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि आरोपियों ने अपने रिश्तेदारों के बच्चों को भी बेचने का प्रयास किया था।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस अब फरार आरोपियों सितारा और मोहसिन की तलाश में जुटी है। पुलिस का मानना है कि दोनों की गिरफ्तारी के बाद गिरोह के पूरे नेटवर्क और अब तक बेचे गए बच्चों की संख्या के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकती है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *