ग्रेटर नोएडा में हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की ओर से गुरुवार को तिरंगा बाइक रैली का आयोजन किया गया

ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय
ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान-2026 के तहत पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की ओर से गुरुवार को तिरंगा बाइक रैली का आयोजन किया गया। रैली में पुलिसकर्मियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर लोगों को देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के सम्मान का संदेश दिया।
रैली में कमिश्नरेट के विभिन्न थानों से 90 दोपहिया वाहनों पर कुल 180 पुलिसकर्मी शामिल हुए। इनमें 90 महिला और 90 पुरुष पुलिसकर्मी रहे। तिरंगा लहराते हुए पुलिसकर्मियों का काफिला रिजर्व पुलिस लाइन्स से रवाना होकर सूरजपुर घंटा चौक, एलजी चौक और परी चौक होते हुए वापस रिजर्व पुलिस लाइन्स पहुंचा, जहां रैली का समापन हुआ।
रैली का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को हर घर तिरंगा अभियान के प्रति जागरूक करना और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित करना रहा। पुलिसकर्मियों ने लोगों से तिरंगे के प्रति सम्मान बनाए रखने और अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
सूरजपुर स्थित रिजर्व पुलिस लाइन्स से अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय) अजय कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। इस अवसर पर डीसीपी लाइन्स डॉ. प्रवीण रंजन सिंह, एडीसीपी लाइन्स आरके गौतम तथा एसीपी-3 सेंट्रल नोएडा राजीव कुमार गुप्ता सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
तिरंगा बाइक रैली के दौरान सड़क पर देशभक्ति का माहौल नजर आया। पुलिसकर्मियों ने रैली के माध्यम से नागरिकों को राष्ट्रप्रेम, एकता और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *