ब्यूरो चीफ / राजेश गुप्ता
गाजियाबाद। भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले रीलबाज हाजी सलमान को शुक्रवार को गाजियाबाद कोर्ट में पेश किया गया। पॉक्सो एक्ट की विशेष अदालत ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
सलमान पर एक महिला ने अपनी 11 वर्षीय बेटी के साथ दुष्कर्म और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला के मुताबिक, 3 सितंबर को सलमान और उसके दोस्त ने लिफ्ट देने के बहाने उसे और बेटी को कार में बैठाया और रास्ते में बच्ची के साथ गलत हरकत की। विरोध करने पर दोनों ने मारपीट और धमकी दी।
गाजियाबाद पुलिस ने सलमान को 8 सितंबर को राजस्थान के चित्तौड़गढ़ से गिरफ्तार किया था। वह सोशल मीडिया पर करीब 11 लाख फॉलोअर्स वाला इन्फ्लुएंसर है। इससे पहले उसने विधायक नंदकिशोर गुर्जर के खिलाफ आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट कर धमकी भी दी थी। मामले में पुलिस की जांच जारी है।

