ब्यूरो चीफ / राजेश गुप्ता
गाजियाबाद : गाजियाबाद के मसूरी थाना क्षेत्र में NH-9 स्थित डासना-मसूरी फ्लाईओवर के पास साइड नहीं देने को लेकर ट्रक चालक से मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
वायरल वीडियो में तीन लग्जरी कारें ट्रक के आसपास खड़ी दिखाई दे रही हैं। कारों से कुछ युवक उतरकर ट्रक के पास जाते नजर आ रहे हैं। वीडियो में एक युवक ट्रक के केबिन पर चढ़कर चालक को थप्पड़ मारता दिखाई दे रहा है। आरोप है कि ट्रक चालक द्वारा साइड नहीं देने को लेकर कार सवार युवकों से विवाद हुआ। इसके बाद युवकों ने ट्रक के आगे अपनी कारें खड़ी कर रास्ता रोक दिया और चालक के साथ मारपीट की।
शिकायत नहीं मिली, पुलिस ने शुरू की जांच
मसूरी थाना प्रभारी के अनुसार, मामले में अभी तक कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। हालांकि, वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने अपने स्तर से जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे वाहनों के नंबरों के आधार पर उनके मालिकों की जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही मारपीट करने वाले युवकों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच में आरोप सही पाए जाने और आरोपियों की पहचान होने पर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

