जलपुरा के 400 केवी बिजलीघर से नोएडा-ग्रेटर नोएडा को मिलेगी 1000 एमवीए अतिरिक्त बिजली

ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय
नोएडा। नोएडा और ग्रेटर नोएडा में बढ़ती बिजली की मांग को देखते हुए विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। उत्तर प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीटीसीएल) ने जलपुरा स्थित 400 किलोवोल्ट बिजलीघर को सफलतापूर्वक रीचार्ज कर दिया है। करीब 650 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना को डेढ़ वर्ष में पूरा किया गया है।
जलपुरा बिजलीघर की क्षमता 500 एमवीए की डबल सर्किट व्यवस्था के साथ विकसित की गई है। इसे दो 220 किलोवोल्ट नोएडा ट्रांसमिशन लाइनों से जोड़ा गया है। इसके शुरू होने से नोएडा और ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में करीब 1000 एमवीए अतिरिक्त बिजली आपूर्ति का रास्ता साफ हो गया है। इससे लाखों घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ औद्योगिक इकाइयों और तेजी से विकसित हो रहे डेटा सेंटरों को अधिक स्थिर एवं निर्बाध बिजली मिल सकेगी।
परियोजना के तहत खुर्जा जनरेशन से उत्पादित बिजली जलपुरा ट्रांसमिशन तक पहुंचेगी, जहां से इसे नोएडा और ग्रेटर नोएडा के विभिन्न क्षेत्रों में आगे वितरित किया जाएगा। इससे क्षेत्र के ट्रांसमिशन ग्रिड की क्षमता बढ़ने के साथ बिजली आपूर्ति में स्थिरता और विश्वसनीयता भी बढ़ेगी।
यूपीपीटीसीएल के प्रबंध निदेशक ने परियोजना स्थल का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया था। बिजलीघर को आधिकारिक रूप से चार्ज किए जाने के बाद क्षेत्र में बढ़ती बिजली मांग को पूरा करने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। परियोजना से औद्योगिक विकास, डेटा सेंटरों के संचालन और आवासीय क्षेत्रों में बेहतर बिजली आपूर्ति को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *