गोमती नदी में नहाते समय छह युवक डूबे, दो की मौत, चार को बचाया गया

विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

 

गोमती नदी में नहाते समय छह युवक डूबे, दो की मौत, चार को बचाया गया

 

जौनपुर,। शहर कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित गोमती नदी के सद्भावना पुल के पास विसर्जन घाट पर शुक्रवार शाम स्नान के दौरान छह युवक नदी में डूबने लगे। घाट पर मौजूद स्थानीय लोगों की तत्परता से चार युवकों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि दो युवक लापता हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और गोताखोरों की टीम ने देर रात दोनों युवकों के शव बरामद कर लिए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान जफराबाद थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव निवासी दिलीप पटेल (24) पुत्र दशरथ पटेल तथा नितिन विश्वकर्मा (20) पुत्र मुटूर विश्वकर्मा निवासी मिर्जामुराद, वाराणसी के रूप में हुई है। नितिन अपने मित्र के यहां जगदीशपुर आया हुआ था। शुक्रवार शाम सभी छह युवक गोमती नदी में स्नान करने पहुंचे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्नान के दौरान सभी युवक अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। घाट पर मौजूद स्थानीय लोगों ने साहस का परिचय देते हुए चार युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन दिलीप और नितिन पानी के तेज बहाव में लापता हो गए। घटना की सूचना तत्काल कोतवाली पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की सहायता से तलाश अभियान शुरू कराया गया। कई घंटों की मशक्कत के बाद देर रात दोनों युवकों के शव नदी से बरामद कर लिए गए। शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और घाट पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।

घटना में बचाए गए युवकों में प्रहलाद पटेल (24) पुत्र बृजभूषण पटेल निवासी जगदीशपुर, जौनपुर, दीपक पटेल (24) पुत्र दशरथ पटेल निवासी जगदीशपुर, जौनपुर, सचिन कुमार पटेल (22) पुत्र राजकुमार पटेल निवासी राजातालाब, मिर्जामुराद, वाराणसी तथा अजय शंकर पटेल (23) पुत्र रमाशंकर पटेल निवासी राजातालाब, मिर्जामुराद, वाराणसी शामिल हैं। इस मामले में जानकारी लेने पर अपर पुलिस अधीक्षक शहर आयुश श्रीवास्तव ने बताया कि आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।परिजनों द्वारा कोई तहरीर नहीं मिली है।घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का मा

हौल है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *