ग्रेटर नोएडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 50 लाख रुपये के 100 मोबाइल फोन बरामद, तीन अभियुक्त को पुलिस ने किया गिरफ्तार

ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय
ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में पुलिस ने चोरी के मोबाइल फोन की तस्करी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 50 लाख रुपये मूल्य के 100 नए डिब्बाबंद मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मोबाइल उपलब्ध कराने वाला एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि कुछ लोग चोरी के मोबाइल फोन दिल्ली में बेचने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर नॉलेज पार्क थाना पुलिस ने सेक्टर-153 के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान एक महिंद्रा पिकअप वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान वाहन से IQOO कंपनी के 100 नए पैक्ड मोबाइल फोन बरामद हुए। बरामद मोबाइल फोन की कुल कीमत लगभग 50 लाख रुपये आंकी गई है। मौके से पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें ये मोबाइल फोन एक व्यक्ति द्वारा उपलब्ध कराए गए थे और वे इन्हें दिल्ली में अधिक कीमत पर बेचने की योजना बना रहे थे। मोबाइल सप्लाई करने वाला आरोपी फिलहाल फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आनंद उर्फ रुद्रेश (दिल्ली निवासी), पंकज उर्फ धीरेंद्र (एटा निवासी) और मोहित (हाथरस निवासी) के रूप में हुई है।
चोरी के नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
डीसीपी ग्रेटर नोएडा रवि शंकर निम ने बताया कि बरामद मोबाइल फोन के स्रोत और उनकी खरीद-फरोख्त से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। साथ ही गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी पड़ताल की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उनका संबंध किसी संगठित चोरी या तस्करी गिरोह से है या नहीं।
पुलिस का मानना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मोबाइल चोरी और अवैध बिक्री से जुड़े नेटवर्क के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकती है। मामले में आगे की जांच अभी जारी है |

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *