ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय
ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 थाना क्षेत्र स्थित अल्फा-2 सेक्टर में बुधवार शाम एक सड़क हादसे में दो लोग घायल हो गए। दो कारों के बीच हुई जोरदार टक्कर के बाद एक एंडेवर वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बैठे लोगों से जा टकराया। घटना का पूरा घटनाक्रम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एंडेवर कार तेज गति से सेक्टर की ओर जा रही थी। इसी दौरान मोड़ पर सामने से आ रही एक अन्य कार से उसकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एंडेवर चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सड़क किनारे जा पहुंची।
अनियंत्रित वाहन सड़क किनारे कुर्सियों पर बैठे दो व्यक्तियों को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ गया। दोनों घायल व्यक्ति वाहन खरीद-बिक्री के व्यवसाय से जुड़े बताए जा रहे हैं और घटना के समय पेड़ के नीचे बैठे थे। हादसे के तुरंत बाद उन्हें उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। राहत की बात यह रही कि दोनों को गंभीर चोटें नहीं आईं।
घायलों को टक्कर मारने के बाद एंडेवर कार कुछ दूरी पर खड़ी एक बलेनो कार से भी जा भिड़ी, जिसके बाद वाहन रुक गया। सामने आए सीसीटीवी फुटेज में दुर्घटना और उसके बाद की स्थिति स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है। अधिकारियों का कहना है कि शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस दुर्घटना के कारणों की भी जांच कर रही है।

