चाकू के हमले में घायल युवती ने दम तोड़ा
जौनपुर। सुरेरी थाना क्षेत्र के परमालपुर गांव में बाथरूम निर्माण को लेकर हुए विवाद में चाकू के हमले से गंभीर रूप से घायल युवती उजाला सिंह की गुरुवार को बीएचयू के ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटना के बाद गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। बताया गया कि बीते 17 अगस्त को आजमगढ़ जिले के तरवां थाना क्षेत्र के उचहुंआ गांव निवासी विषेक शर्मा अपने बड़े भाई सत्यपाल सिंह के साथ परमालपुर गांव आए थे। इसी दौरान बाथरूम निर्माण को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान परमालपुर निवासी रविन्द्र कुमार सिंह उर्फ गुड्डू सिंह ने गाली-गलौज करते हुए चाकू से हमला कर दिया। हमले में सत्यपाल सिंह और उसकी भांजी 20 वर्षिय उजाला सिंह घायल हो गए थे।गंभीर रूप से घायल उजाला सिंह को जौनपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां गंभीर स्थिति को देखते हुए बीएचयू के ट्रामा सेंटर में रेफर कर दिया गया जहां गुरुवार को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। युवती की मौत से परिवार में मातम पसर गया।घटना के संबंध में पुलिस ने तहरीर के आधार पर बीएनएस की धारा 109(1) व 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया था। मामले की जांच उपनिरीक्षक राजेश दुबे को सौंपी गई है। युवती की मौत के बाद पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए परमालपुर गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस टीम लगातार गांव में गश्त कर स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

