*जनसहयोग द्वारा दुर्घटना से निपटना आसान है … मनोज वर्मा*
भयंकर गर्मी में आग से बचने के लिए जनसहयोग का होना आवश्यक है, जिसके द्वारा किसी भी दुर्घटना से निपटना आसान हो जाता है। ये बात सिविल डिफेंस के अधिकारी मनोज वर्मा ने उच्च प्राथमिक विद्यालय पीएसी 35वी वाहिनी महानगर में आयोजित इंटरफेस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर कही।
विज्ञान फाउंडेशन संस्था लखनऊ के द्वारा उच्च प्राथमिक विद्यालय पीएसी 35वी वाहिनी महानगर और प्राथमिक विद्यालय इस्माइलगंज में इंटरफेस कार्यक्रमो का आयोजन किया गया था, जिसमे बड़ी संख्या में आसपास की किशोरियों के अभिभावकों के साथ विद्यालय के छात्र छात्राओं ने प्रतिभाग किया। जिसका मकसद था सामाजिक सुरक्षा हेतु सभी को जागरूक होना। कार्यक्रम में अतिथि राष्ट्रपति पदक से अलंकृत सिविल डिफेंस लखनऊ के सीनियर असिस्टेंट डिप्टी कंट्रोलर मनोज वर्मा ने उपस्थित छात्र छात्राओं, किशोरियों और उनके अभिभावकों को सिविल डिफेंस के कार्यो से परिचित कराया और बताया कि इन दिनों भीषण गर्मी के कारण दिन का तापमान बहुत बढ़ जा रहा है। जिसके कारण किसी भी समय दुर्घटना का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में यदि हम जागरूक रहे तो किसी भी प्रकार के नुकसान से बच सकते है। किचन में काम करने वाली महिलाओ को हमेशा जागरूक रहना चाहिए। यदि कभी लग रहा है कि गैस सिलेंडर में लीकेज हो रहा है तो तुरंत खिड़की दरवाजे खोल दे। किचन में अनिवार्य रूप से पानी और बालू रखे। सिलेंडर की ट्यूब में यदि क्रैक आ गए हो तो अविलम्ब ट्यूब बदल दे। यदि संभव हो तो किचेन में अग्निशमन यंत्र की भी व्यवस्था रखें।
श्री वर्मा ने आगे कहा कि घर के बिजली के तारो को समय समय पर चेक करते रहे, वायरिंग में सही एमसीबी का प्रयोग करे। खराब उपकरणों का प्रयोग न करे तथा शार्ट सर्किट होने पर मुख्य लाइन को बंदकर ही आग बुझाने का प्रयास करे। उन्होंने कहा कि आप लोगो ने जो सीखा उससे अपने पड़ोस के अन्य लोगो को भी जागरूक करे, ताकि वो भी भविष्य में आग लग जाने पर अपना और अपने परिवार का बचाव कर सके।
इस अवसर पर विज्ञान फाउंडेशन के जितेंद्र मौर्य, शीबा, महेश, कोमल किशन, पम्मी यादव सहित छात्र छात्राएं, उनके अभिभावक व आसपास के समान्नित लोग उपस्थित रहें।

