जलभराव अधिक बारिश नहीं, भाजपाई भ्रष्टाचार से फेल जल निकासी व्यवस्था का नतीजा : अखिलेश

जलभराव अधिक बारिश नहीं, भाजपाई भ्रष्टाचार से फेल जल निकासी व्यवस्था का नतीजा : अखिलेश
लखनऊ, (आरएनएस )। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शहरों में जलभराव को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जलभराव का मुख्य कारण अधिक वर्षा नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार के चलते जल निकासी व्यवस्था का फेल होना है। उन्होंने कहा कि नालियों से लेकर बड़े नालों तक गंदगी से जाम पड़े हैं तो पानी निकलेगा कहां से।अखिलेश यादव ने कहा कि विभिन्न प्रकार के प्रदूषण और नालों का पानी नदियों में गिरने के कारण नदियों के बहाव में गाद जमा हो गई है, जिससे उनका प्राकृतिक प्रवाह बुरी तरह बाधित हुआ है। उन्होंने कहा कि उफनती नदियों के पानी को रोकने के लिए बांध बनाना ही प्रभावी समाधान नहीं है। भविष्य में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर नदियों की गाद हटाकर उन्हें गहरा करने का काम किया जाएगा, जिससे नदियां बिना रुकावट प्राकृतिक रूप से बह सकें। उन्होंने कहा कि नदियों के भीतर मौजूद जीव-जंतुओं और पारिस्थितिकी तंत्र की भूमिका से नदियों को स्वयं निर्मल होने में मदद मिलेगी।सपा अध्यक्ष ने कहा कि राजधानी लखनऊ हो या स्मार्ट सिटी गोरखपुर, वाराणसी और प्रयागराज जैसे बड़े शहर, हर जगह जलभराव और गंदगी से हालात खराब हैं। इससे बीमारियां फैलने का खतरा भी बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से नदी किनारे बसे और नदी आधारित अर्थव्यवस्था पर निर्भर लोगों का जीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि ऐसा लगता है कि सरकार की आंख का पानी भी बहकर जलराशि बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा जाएगी और नदी जीवन पाएगी।

——————

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *