जिलाधिकारी डॉ० दिनेश चंद्र के निर्देशों के क्रम में सतहरिया औद्योगिक क्षेत्र में प्रवासी श्रमिकों के हित में 5 किलोग्राम निःशुल्क खाद्यान्न (एफटीएल) वितरण शिविरों का शुभारंभ किया गया। इन शिविरों का उद्देश्य क्षेत्र में कार्यरत प्रवासी श्रमिकों को आवश्यक खाद्य सहायता उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपनी दैनिक आवश्यकताओं को सुगमता से पूरा कर सकें।
उक्त वितरण अभियान में सतहरिया इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट एसोसिएशन (सीडा) के सदस्यों द्वारा सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। एसोसिएशन के सदस्य शिविरों के संचालन, लाभार्थियों की पहचान तथा खाद्यान्न के सुचारु वितरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन द्वारा श्रमिकों के कल्याण हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं और इस प्रकार के सहयोगात्मक कार्यक्रम समाज के विभिन्न वर्गों के बीच समन्वय स्थापित करने में सहायक होते हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वितरण कार्य पूर्ण पारदर्शिता एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाए, जिससे प्रत्येक पात्र श्रमिक को योजना का लाभ मिल सके।
इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारीगण, सीडा के पदाधिकारी तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

