जिलाधिकारी ने अभ्युदय कोचिंग सेंटर एवं राजकीय जिला पुस्तकालय का किया औचक निरीक्षण

जिलाधिकारी ने अभ्युदय कोचिंग सेंटर एवं राजकीय जिला पुस्तकालय का किया औचक निरीक्षण
श्रावस्ती। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान(आई.टी.आई.) भिनगा में मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत संचालित अभ्युदय कोचिंग सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र की शैक्षणिक व्यवस्था, अध्ययन सामग्री और विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने क्लासरूम में पहुंचकर विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया। उन्होंने छात्रों से उनकी पढ़ाई, शिक्षण व्यवस्था और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों के बारे में जानकारी ली। साथ ही पढ़ाई के दौरान आने वाली समस्याओं और आवश्यकताओं पर भी चर्चा की। इस दौरान जिलाधिकारी ने प्रतियोगी छात्र-छात्राओं से संवाद कर उन्हें बेहतर पढ़ाई हेतु टिप्स भी दिये। उन्होने कहा कि करेंट अफयर्स के लिए प्रतिदिन समाचार पत्र अवश्य पढ़े। पढ़ने के साथ-साथ निबन्ध लेखन भी करते रहे, जिससे पढ़ा हुआ याद रहे। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और शिक्षकों को निर्देश दिए कि अभ्युदय कोचिंग सेंटर में अध्ययनरत विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, आवश्यक अध्ययन सामग्री और बेहतर मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि छात्रों की शंकाओं का नियमित रूप से समाधान किया जाए, ताकि उनकी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी प्रभावी ढंग से हो सके। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों से उपलब्ध सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाने और निर्धारित लक्ष्य के साथ मेहनत व लगन से तैयारी करने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *