जिलाधिकारी ने एशियाई खेल-2026 के कांस्य पदक विजेता रोहित यादव एवं उनके पिता को किया सम्मानित
जौनपुर, 04 अक्टूबर, 2026 (सू0वि0)। एशियाई खेल-2026 की पुरुष भाला फेंक स्पर्धा में कांस्य पदक प्राप्त कर जनपद का गौरव बढ़ाने वाले मछलीशहर तहसील के ग्राम अदारी डिभिया निवासी खिलाड़ी रोहित यादव एवं उनके पिता श्री सभाजीत यादव को जिलाधिकारी श्री सैमुअल पाल एन. ने जनसुनवाई कक्ष में सम्मानित किया।
जिलाधिकारी ने उन्हें अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ एवं पुस्तक भेंट कर उपलब्धि के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
जिलाधिकारी ने कहा कि रोहित यादव की उपलब्धि उनके परिश्रम, लगन एवं निरंतर अभ्यास का परिणाम है। उनके पिता द्वारा प्रारंभिक दौर में उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से अभ्यास में सहयोग प्रदान करना भी प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि रोहित की सफलता जनपद के अन्य युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
रोहित यादव ने अपनी सफलता के अनुभव साझा करते हुए बताया कि उनके पिता ने गांव में बांस के ऊपरी हिस्से को काटकर उनके लिए पहला भाला तैयार किया था। इसी से उन्होंने प्रारंभिक अभ्यास किया। सीमित संसाधनों के बावजूद निरंतर अभ्यास करते हुए उन्होंने खेल में आगे बढ़ने का प्रयास जारी रखा। वर्ष 2019 में नेशनल कैंप, पटियाला से जुड़ने के बाद उनके खेल करियर को नई दिशा मिली। उन्होंने बताया कि आगामी लक्ष्य 2028 ओलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व करते हुए बेहतर प्रदर्शन करना है।
रोहित यादव ने कहा कि एशियाई खेलों में कांस्य पदक प्राप्त करना उनके पिता के सपने को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने भविष्य में अपने जिले एवं देश के लिए स्वर्ण पदक जीतने का वादा भी किया ।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में खेल प्रतिभाओं को प्रारंभिक स्तर पर चिन्हित कर उन्हें आवश्यक अवसर एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में विकसित किए जा रहे मिनी स्टेडियमों के माध्यम से युवाओं को स्थानीय स्तर पर अभ्यास एवं खेल प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलेगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने एवं उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला क्रीड़ा अधिकारी अशोक सोनकर, एथलेटिक्स कोच कृष्ण यादव, कुश्ती क्लच कोच अशोक सोनकर,हैंडबॉल कोच निलेश यादव सहित अन्य प्रशिक्षक उपस्थित रहे।

