जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन. द्वारा मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया के साथ कार्यालय खंड विकास अधिकारी मुफ्तीगंज का आकस्मिक निरीक्षण किया गया।

जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन. द्वारा मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया के साथ कार्यालय खंड विकास अधिकारी मुफ्तीगंज का आकस्मिक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी से विकास योजनाओं की प्रगति एवं क्षेत्र भ्रमण से संबंधित अभिलेख प्रस्तुत करने को कहा जिस पर उनके द्वारा न तो अद्यतन सूचना उपलब्ध कराई जा सकी और न ही क्षेत्र भ्रमण का कोई अभिलेख प्रस्तुत किया गया। विकासखंड परिसर में प्रेरणा कैंटीन पिछले 3 सालों से बंद पाया गया, परिसर में निर्माणाधीन मीटिंग हॉल में निर्माण कार्य बंद पाया गया, इसके संबंध में जानकारी प्राप्त करने पर अनभिज्ञता जाहिर की गई, विकासखंड परिसर में पेयजल की कोई व्यवस्था नहीं पाई गई। विकासखंड में कितनी बोरिंग खराब/सही है कोई जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई। मनरेगा में जॉब कार्ड व मानव दिवस के संबंध में कोई जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई। कार्यालय परिसर में जगह जगह गंदगी पाई गई। खंड विकास अधिकारी की गंभीर लापरवाही पर जिलाधिकारी द्वारा कड़ी नाराजगी व्यक्त की गई तथा उपस्थित मुख्य विकास अधिकारी को खण्ड विकास अधिकारी के खिलाफ चार्ज शीट जारी करते हुए निलंबन की कार्यवाही प्रस्तावित करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्देशित किया कि सभी योजनाओं की नियमित समीक्षा कर शत-प्रतिशत पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से आच्छादित किया जाए।
जिलाधिकारी के द्वारा एडीओ पंचायत से सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट और आर आर सी के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई जिनके द्वारा कोई संतोष जनक उत्तर नहीं दिया गया, जिन्हें कार्य के प्रति लापरवाही बरतने पर स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही एडीओ आईएसबी द्वारा भी विभागीय योजनाओं के संबंध में संतोषजनक जानकारी न दिए जाने पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए उनके निलंबन की संस्तुति करने तथा अग्रिम आदेश तक वेतन बाधित किए जाने के निर्देश दिए गए।
आईजीआरएस पटल के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि शासन स्तर से प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
मनरेगा सेल का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने मैनडेज सृजन की जानकारी प्राप्त की तथा निर्देश दिया कि अधिक से अधिक पात्र लोगों को रोजगार से जोड़ा जाए और मनरेगा कार्यों में प्रगति लाई जाए।
जिलाधिकारी ने उपस्थिति पंजिका की भी जांच की तथा सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों को समय से कार्यालय में उपस्थित होकर सौंपे गए दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी से निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्य में शिथिलता किसी भी दशा में स्वीकार नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी ग्राम पंचायतों में पेयजल व्यवस्था हर हाल में सुनिश्चित की जाए तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को पूरी पारदर्शिता एवं गुणवत्ता के साथ धरातल पर उतारा जाए। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर सीधे जवाबदेही तय करते हुए कठोर कार्रवाई की जाएगी।जिलाधिकारी ने खण्ड विकास अधिकारी को परिसर में साफ-सफाई सुनिश्चित कराने तथा पेयजल की समुचित व्यवस्था तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी कार्यालय के अन्य अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *