अज्ञात बदमाशों द्वारा पत्रकार की गोली मारकर दिन दहाड़े
की गई हत्या
पुलिस अधीक्षक सहित जिले के आला अधिकारी घटनास्थल पर निरीक्षण करने पहुंचे
ब्यूरो चीफ विश्व प्रकाश श्रीवास्तव
जौनपुर, 13 मई । शाहगंज कोतवाली थाना अंतर्गत सबरहद गांव निवासी पत्रकार आशुतोष
श्रीवास्तव की सोमवार सुबह बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है ,श्रीवास्तव एक समाचार न्यूज़ पोर्टल वह एक चैनल के पत्रकार थे। शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के सबरहद के रहने वाले आशुतोष श्रीवास्तव सोमवार सुबह घर से निकले थे, कि कुछ ही दूरी पर बाइक सवार बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मौके पर उपस्थित लोग आशुतोष को लेकर आनन-फानन अस्पताल भागे जहां जांच के बाद डॉक्टर ने भी मृत घोषित कर दिया। परिवार के लोगों का आरोप है कि हमने पहले ही पुलिस को सूचना दी कि उन्हें जान का खतरा है। अगर पुलिस समय पर संज्ञान लेती तो जान बच सकती थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। परिजनों का कहना है कि आशुतोष श्रीवास्तव ने एक माह पहले ही सीओ शाहगंज और थाना प्रभारी शाहगंज को लेटर लिखकर अपनी जान को खतरा बताया था। सुरक्षा के लिए गुहार लगाई थी, लेकिन पुलिस ने कोई ध्यान नहीं दिया। न ही आशुतोष के प्रार्थना-पत्र पर कोई विचार किया गया। लोग सड़क जाम कर प्रदर्शन भी कर रहे है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक डॉक्टर अजय पाल शर्मा सहित अगल-बगल के थानों की फोर्स भी घटनास्थल पर पहुंच गई है। घटना के संबंध में पुलिस के अधिकारियों द्वारा कोई जानकारी अभी नहीं दी जा रही है।

