जौनपुर में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का प्रदर्शन, 10 सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर दी हड़ताल की चेतावनी

जौनपुर में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का प्रदर्शन, 10 सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर दी हड़ताल की चेतावनी

 

जौनपुर,01 मई। यूपी के जौनपुर में अपनी लंबित मांगों को लेकर आंगनबाड़ी संयुक्त मोर्चा के बैनर तले शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री को संबोधित 10 सूत्रीय ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपते हुए जल्द समाधान की मांग की गई।

जिलाध्यक्ष मीना देवी के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकत्रियां कलेक्ट्रेट पहुंचीं और प्रशासनिक अधिकारी शैलेन्द्र सिंह को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं, बच्चों और गरीबों के हित में कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका क्रियान्वयन आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां ही जमीनी स्तर पर करती हैं। बावजूद इसके, उन्हें आज भी अपने बुनियादी अधिकारों के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।

मीना देवी ने आरोप लगाया कि कम मानदेय, अधिक कार्यभार और असुरक्षित कार्य परिस्थितियों के कारण कार्यकत्रियों की स्थिति लगातार खराब हो रही है। कई कार्यकत्रियां समय से पहले बीमार हो रही हैं और आर्थिक तंगी के चलते समुचित इलाज भी नहीं करा पा रही हैं।

उन्होंने बताया कि संगठन द्वारा कई बार शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें सरकार के समक्ष रखी गईं, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिला। 8 मार्च, महिला दिवस पर भी वार्ता के दौरान जल्द समाधान का भरोसा दिया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

कार्यकत्रियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो वे मजबूर होकर हड़ताल का रास्ता अपनाएंगी, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन और सरकार की होगी

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *