जौनपुर में खेत में लगाए गए अवैध करंट से युवक की मौत, गिरफ्तारी की मांग पर शव उठाने से अड़े ग्रामीण
जौनपुर। लाइनबाजार थाना क्षेत्र के परियावा गांव में गुरुवार सुबह खेत की सुरक्षा के लिए लगाए गए कथित अवैध बिजली करंट की चपेट में आने से 40 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने खेत मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए शव उठाने का विरोध किया।
जानकारी के अनुसार, परियावा गांव निवासी साहबलाल गौतम (40) पुत्र फेरई राम गौतम सुबह शौच के लिए पोखरे की ओर गए थे। रास्ते में गांव के ही एक व्यक्ति ने अपने बाजरे के खेत को आवारा पशुओं से बचाने के लिए चारों ओर लोहे के तार लगाकर उसमें कथित रूप से बिजली का करंट प्रवाहित कर रखा था। बताया जा रहा है कि करंट प्रवाहित तार टूटकर पास स्थित बगीचे तक पहुंच गया था।
इसी दौरान साहबलाल उस तार की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के समय पोखरे की ओर जा रहे अन्य लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
सूचना मिलते ही लाइनबाजार पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में लेने का प्रयास किया। हालांकि, आक्रोशित ग्रामीणों ने खेत मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी होने तक शव उठाने से इनकार कर दिया।
क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। शव को मोर्चरी हाउस में रखवा दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी
।

