जौनपुर में जनगणना 2027 की स्व-गणना 7 मई से, 21 मई तक चलेगा अभियान

जौनपुर में जनगणना 2027 की स्व-गणना 7 मई से, 21 मई तक चलेगा अभियान

डीएम ने मीडिया से प्रचार-प्रसार की अपील, पोर्टल पर 33 बिंदुओं की देनी होगी जानकारी

जौनपुर, 06 मई । यूपी के जौनपुर में जनगणना 2027 के तहत स्व-गणना (सेल्फ-एन्यूमरेशन) की प्रक्रिया जनपद में 7 मई से शुरू होकर 21 मई तक संचालित की जाएगी। इस संबंध में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में प्रेस वार्ता आयोजित की गई, जिसमें स्व-गणना की प्रक्रिया और उसकी महत्ता पर विस्तार से जानकारी दी गई।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना के प्रथम चरण के तहत सभी विभागीय अधिकारी, कर्मचारी और आमजन को निर्धारित अवधि में स्वयं ऑनलाइन माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज करनी होगी। इसके लिए निर्धारित पोर्टल पर जाकर 33 बिंदुओं से संबंधित सूचनाएं भरनी होंगी। उन्होंने कहा कि एक बार डिजिटल माध्यम से जानकारी दर्ज हो जाने के बाद बार-बार विवरण देने की आवश्यकता नहीं होगी।
उन्होंने बताया कि जनपद स्तर पर विभिन्न विभागों के लिए स्व-गणना अभियान को सफल बनाने हेतु अलग-अलग तिथियां निर्धारित की गई हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग इसमें भाग ले सकें। जिलाधिकारी ने मीडिया प्रतिनिधियों से अपील की कि वे इस अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करें और लोगों को स्व-गणना के प्रति जागरूक बनाएं। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है कि जनपद में शत-प्रतिशत भागीदारी हो, क्योंकि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रक्रिया है।
जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा ने बताया कि संबंधित पोर्टल का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी प्रश्नों का उत्तर सावधानीपूर्वक और सटीकता के साथ भरा जाए तथा अंतिम रूप से सबमिट करने से पहले सभी विवरणों की जांच अवश्य कर ली जाए। सबमिट करने के बाद प्राप्त एसई-आईडी को सुरक्षित रखना भी आवश्यक है।
प्रेस वार्ता में जनगणना निदेशालय के प्रतिनिधि युवराज गर्ग ने स्व-गणना की पूरी प्रक्रिया की जानकारी देते हुए पोर्टल पर पंजीकरण, सत्यापन और डेटा प्रविष्टि के विभिन्न चरणों को समझाया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (भू-राजस्व) अजय अम्बष्ट, जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय सहित अन्य अधिकारी एवं प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *