जौनपुर सिटी स्टेशन पर संत रविदास अमृत भारत एक्सप्रेस का भव्य स्वागत, अनुयायियों ने पुष्पवर्षा कर किया अभिनंदन

जौनपुर सिटी स्टेशन पर संत रविदास अमृत भारत एक्सप्रेस का भव्य स्वागत, अनुयायियों ने पुष्पवर्षा कर किया अभिनंदन

जौनपुर, 18 जुलाई। यूपी के जौनपुर में संत रविदास की तपोस्थली छेराहटा (अमृतसर) से उनकी जन्मस्थली वाराणसी के बीच संचालित संत रविदास अमृत भारत एक्सप्रेस (14623/14624) का शनिवार को जौनपुर सिटी रेलवे स्टेशन पर भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर पहली बार किसी राजनीतिक प्रतिनिधि के बजाय संत रविदास पंथ के अनुयायियों ने पारंपरिक तरीके से ट्रेन की अगवानी कर एक नई परंपरा की शुरुआत की।
ट्रेन अपने निर्धारित समय से लगभग 20 मिनट पहले सुबह करीब 11 बजे जौनपुर सिटी स्टेशन पहुंची। वरिष्ठ समाजसेवी रमेश बौद्ध और रमेश चंद्र गौतम के नेतृत्व में बड़ी संख्या में रविदासिया समाज के श्रद्धालुओं ने लोको पायलट और गार्ड का माल्यार्पण कर उनका अभिनंदन किया। श्रद्धालुओं ने ट्रेन में सवार संत रविदास पंथ के अनुयायियों का भी गर्मजोशी से स्वागत किया।
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति और जिला महामंत्री पीयूष गुप्ता के नेतृत्व में मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने ट्रेन में यात्रा कर रहे संतजनों एवं श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। पूरे स्टेशन परिसर में श्रद्धा, उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला।
समाजसेवी पलटू राम ने इस रेल सेवा को सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि संत रविदास के नाम पर शुरू की गई यह ट्रेन लंबे समय से समाज की मांग थी। उन्होंने कहा कि इस सेवा से श्रद्धालुओं के साथ-साथ आम यात्रियों को भी बड़ी सुविधा मिलेगी और सामाजिक-आध्यात्मिक संबंधों को मजबूती मिलेगी।
रेलवे प्रशासन की ओर से कार्यक्रम के संयोजक एवं नोडल अधिकारी अनुराग तिवारी ने स्टेशन पहुंचे सभी संत रविदास पंथियों और अतिथियों का स्वागत किया तथा कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं का समन्वय किया। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर आरपीएफ चौकी प्रभारी विजय शंकर पांडे और जीआरपी प्रभारी रविंद्र पटेल अपनी-अपनी टीम के साथ पूरे समय मुस्तैद रहे।
निर्धारित ठहराव के बाद संत रविदास अमृत भारत एक्सप्रेस सुबह 11:03 बजे वाराणसी के लिए रवाना हो गई। श्रद्धालुओं ने इसे संत रविदास की तपोस्थली और जन्मस्थली को जोड़ने वाली ऐतिहासिक रेल सेवा बताते हुए इसके नियमित संचालन पर खुशी जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *