जौहर विश्व विद्यालय के 38 भवनों के प्रस्तावित ध्वस्तीकरण पर रोक की मांग, राज्यपाल के नाम डीएम को सौंपा ज्ञापन

जौहर विश्व विद्यालय के 38 भवनों के प्रस्तावित ध्वस्तीकरण पर रोक की मांग, राज्यपाल के नाम डीएम को सौंपा ज्ञापन

जौनपुर,27 जुलाई। यूपी के जौनपुर में समाजवादी अल्पसंख्यक सभा, उत्तर प्रदेश की जनपद इकाई ने रामपुर स्थित गौहर यूनिवर्सिटी के 38 भवनों को ध्वस्त किए जाने की प्रस्तावित कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। इस संबंध में जिला महासचिव आरिफ हबीब एवं प्रदेश सचिव डॉ गयासुद्दीन के नेतृत्व में महामहिम को संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी जौनपुर के माध्यम से सौंपा गया। ज्ञापन में पूरे प्रकरण की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं विधिसम्मत जांच कराए जाने तथा न्यायोचित समाधान सुनिश्चित करने की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय प्रदेश का एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक संस्थान है, जहां हजारों विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। इसके साथ ही बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी और अन्य लोग भी इस संस्थान से जुड़े हुए हैं। ऐसे में किसी भी प्रकार की प्रशासनिक अथवा कानूनी कार्रवाई का सीधा प्रभाव विद्यार्थियों की शिक्षा और उनके भविष्य पर पड़ सकता है। इसलिए सरकार को कोई भी निर्णय छात्रहित और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लेना चाहिए।
समाजवादी अल्पसंख्यक सभा के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि विश्वविद्यालय के निर्माण अथवा भूमि से संबंधित कोई विवाद है, तो उसका समाधान न्यायालय एवं विधिक प्रक्रिया के माध्यम से किया जाना चाहिए। ध्वस्तीकरण जैसी कठोर कार्रवाई अंतिम विकल्प होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसी कार्रवाई से शिक्षा व्यवस्था प्रभावित होने के साथ समाज में असुरक्षा और भ्रम का वातावरण भी उत्पन्न हो सकता है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि विश्वविद्यालय के निर्माण के समय संबंधित क्षेत्र ग्राम पंचायत के अधिकार क्षेत्र में था और तत्कालीन नियमों के अनुसार निर्माण अनुमति की आवश्यकता नहीं थी। बाद में उक्त क्षेत्र रामपुर विकास प्राधिकरण की सीमा में शामिल किया गया। ऐसे में सभी तथ्यों और कानूनी पहलुओं की समुचित समीक्षा किए बिना ध्वस्तीकरण की कार्रवाई उचित नहीं होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अनवारुल हक गुड्डू, पूर्व प्रदेश सचिव कलीम अहमद, राष्ट्रीय सचिव अनवर प्रदेश सचिव शबनम बाज कमाल मो अहान, सभासद मो आरिफ, सरताज सहित समाजवादी अल्पसंख्यक सभा के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *