टीजीटी परीक्षा केंद्रों का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, निष्पक्ष व पारदर्शी परीक्षा कराने के दिए निर्देश

टीजीटी परीक्षा केंद्रों का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, निष्पक्ष व पारदर्शी परीक्षा कराने के दिए निर्देश

जौनपुर, 03 जून।। यूपी के जौनपुर में उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने बुधवार को विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने टीडी कॉलेज आर्ट फैकल्टी, टीडी लॉ कॉलेज तथा टीडी इंटर कॉलेज पहुंचकर परीक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों एवं संबंधित अधिकारियों से परीक्षा संचालन की तैयारियों और व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। साथ ही परीक्षा की गोपनीयता, सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि परीक्षा पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं सुचारु व्यवस्था के साथ संपन्न कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता अथवा शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। केंद्रों पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान सभी परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। सुरक्षा, निगरानी एवं अन्य आवश्यक प्रबंध आयोग के मानकों के अनुरूप मिले, जिस पर जिलाधिकारी ने संतोष व्यक्त किया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) परमानंद झा, संबंधित शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्य, केंद्र व्यवस्थापक तथा अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *