टीजीटी-पीजीटी अभ्यर्थियों ने घेरा लोक सेवा आयोग

टीजीटी-पीजीटी अभ्यर्थियों ने घेरा लोक सेवा आयोग

पुरानी नियमावली से भर्ती का एक मौका देने की मांग,

प्रयागराज। प्रतियोगी अभ्यर्थियों ने टीजीटी-पीजीटी भर्ती की पुरानी नियमावली और परीक्षा पैटर्न बहाल करने की मांग को लेकर सोमवार को उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग का घेराव किया। मांग पूरी न होने से नाराज अभ्यर्थी आयोग के गेट के बाहर बैठ गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने शासन से जल्द आदेश जारी करने और पुरानी नियमावली के आधार पर भर्ती का एक मौका देने की मांग की।

अभ्यर्थियों का कहना है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनकी मांगों पर सकारात्मक आश्वासन दिया था, लेकिन करीब 20 दिन बीतने के बाद भी कोई ठोस आदेश जारी नहीं हुआ। छात्रों ने आरोप लगाया कि आयोग के अधिकारी शासन से पत्र न मिलने की बात कह रहे हैं, जबकि दूसरे अधिकारियों से संपर्क करने पर जिम्मेदारी एक-दूसरे पर डाल दी जाती है। अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा।

प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने आयोग के बाहर पुलिस की बैरिकेडिंग और रोकटोक पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि आवश्यक योग्यता और एडमिट कार्ड होने के बावजूद उन्हें आयोग तक पहुंचने से रोका जा रहा है। अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि रास्ते बंद कर दिए गए हैं और शांतिपूर्ण तरीके से मांग उठाने वाले छात्रों पर दबाव बनाया जा रहा है।

अभ्यर्थी पिंटू यादव ने कहा कि पुरानी नियमावली बहाल नहीं हुई तो वे शिक्षा सेवा चयन आयोग के सामने बैठे रहेंगे और मांग पूरी होने के बाद ही वहां से हटेंगे।

 

प्रदर्शनकारियों ने शासन से तत्काल आदेश जारी करने, आयोग में भर्ती प्रक्रिया शुरू करने और पुराने परीक्षा पैटर्न को लेकर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द फैसला नहीं होने पर आंदोलन फिर तेज किया

जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *