ट्रांसफार्मर के लिए महिलाओं को धरना-प्रदर्शन
जौनपुर । केराकत तहसील क्षेत्र के नाऊपुर गांव की महिलाओं ने गुरुवार को विद्युत वितरण उपखंड-तृतीय, थानागद्दी कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। सतीश सिंह के नेतृत्व में महिलाओं ने गांव में लगे 63 केवीए के ट्रांसफार्मर की जगह 100 केवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की। महिलाओं ने कहा कि बार-बार ट्रांसफार्मर जलने से गांव में बिजली व्यवस्था प्रभावित हो रही है।ग्रामीणों के अनुसार, गांव में लगा 63 केवीए का ट्रांसफार्मर अधिक लोड के कारण बार-बार खराब हो जाता है। इसके चलते लोगों को बिजली कटौती और अन्य विद्युत समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि कई महीनों से वे विद्युत विभाग के एसडीओ और जेई से शिकायत कर रहे हैं, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला। महिलाओं के धरने की सूचना मिलते ही 112 नंबर की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहे और कहा कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए वे उच्चाधिकारियों से शिकायत करेंगे। बाद में प्रदर्शनकारियों ने धरना समाप्त कर दिया। उन्होंने दोबारा मांग उठाई कि 63 केवीए के स्थान पर 100 केवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाया जाए, ताकि गांव की बिजली समस्या का स्थायी समाधान हो सके। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से भी मामले का संज्ञान लेकर जल्द निस्तारण कराने की अपील की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही ट्रांसफार्मर की क्षमता नहीं बढ़ाई गई तो वे दोबारा धरना-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे। ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार ट्रांसफार्मर खराब होने से घरेलू कामकाज के साथ-साथ बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।

