तमिलनाडु के उभरते गायकों को सामने लाएंगे ए. आर. रहमान, 18 अगस्त से शुरु तमिल आइडल के ऑडिशन

तमिलनाडु के उभरते गायकों को सामने लाएंगे ए. आर. रहमान, 18 अगस्त से शुरु तमिल आइडल के ऑडिशन

ए. आर. रहमान की आवाज और संगीत ने दुनियाभर के करोड़ों लोगों को अपना दीवाना बनाया है, लेकिन अब यही दिग्गज संगीतकार तमिलनाडु की उन नई आवाजों की तलाश में निकलने वाले हैं, जिन्हें अभी तक बड़ा मंच नहीं मिल पाया है। रहमान अब तमिल आइडल के जरिए राज्य के अलग-अलग हिस्सों से उभरते गायकों को सामने लाने की तैयारी में हैं। शो के ऑडिशन 18 अगस्त से शुरू होंगे और इसके लिए तमिलनाडु के कोने-कोने से गायक आवेदन कर सकेंगे। तमिल आइडल की घोषणा सोनी विज्हा ने की है। इस शो के जरिए उन लोगों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा, जो गायकी में आगे बढ़ना चाहते हैं। ए. आर. रहमान खुद इस तलाश का हिस्सा होंगे, इसलिए नए कलाकारों के लिए यह मौका काफी खास माना जा रहा है। शो का मकसद सिर्फ एक विजेता तलाशना नहीं, बल्कि तमिलनाडु के अलग-अलग हिस्सों से आने वाली ऐसी आवाजों को पहचानना है, जिनमें आगे चलकर बड़ा नाम बनने की क्षमता है। शो को लेकर ए. आर. रहमान ने कहा, नई आवाजों की तलाश संगीत की दुनिया का सबसे अहम हिस्सा है। जिन आवाजों को हम पहली बार सुनते हैं, उनमें से कई आगे चलकर लाखों लोगों तक पहुंचती हैं। इस सफर में नई प्रतिभाओं के साथ-साथ उनके अलग नजरिए और उनकी अनकही कहानियों को भी सामने लाने की कोशिश होगी। तमिल आइडल के जरिए पहली बार तमिलनाडु की बेहतरीन आवाजों को एक मंच पर लाया जाएगा, जहां उनके हुनर को पहचान और सम्मान मिल सके।

ऑडिशन 18 अगस्त से शुरू होने जा रहे हैं। इच्छुक गायक सोनी लिव ऐप के जरिए अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। इसके लिए हर किसी को किसी तय जगह पर पहुंचना जरूरी नहीं होगा। जो प्रतिभागी व्यक्तिगत रूप से ऑडिशन में शामिल नहीं हो सकते, वे अपने घर से भी इस प्रक्रिया में हिस्सा ले सकेंगे।

इसके लिए प्रतिभागियों को सोनी लिव ऐप पर जाकर तमिल आइडल ऑडिशन वाले हिस्से को चुनना होगा। इसके बाद उन्हें अपनी जरूरी व्यक्तिगत जानकारी भरकर रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

इस बीच ए. आर. रहमान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपने संगीत को लेकर लगातार सक्रिय हैं। हाल ही में उन्होंने निर्देशक नायला अल खाजा की अरबी मनोवैज्ञानिक फैंटेसी-थ्रिलर फिल्म बाब के लिए संगीत तैयार किया है। यह रहमान का किसी अरबी फिल्म के लिए पहला सहयोग है।

00

 

मलेरिया से जूझ रहे हैं पुलकित सम्राट, शेयर किया हेल्थ अपडेट

मुंबई अभिनेता पुलकित सम्राट इस समय मलेरिया से जूझ रहे हैं और उन्होंने अपने फैंस के साथ अपनी सेहत से जुड़ा एक बेबाक अपडेट शेयर किया है। अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर अभिनेता ने रिकवरी के दौरान की एक तस्वीर शेयर की और बताया कि इस बीमारी का उनके शरीर पर कितना असर पड़ा है।

अपनी अनुशासित फिटनेस रूटीन और दमदार फिजीक के लिए पहचाने जाने वाले पुलकित ने बताया कि मलेरिया ने उनके शरीर पर काफी असर डाला है, जिसके चलते न सिर्फ उनका 2.5 किलो वज़न कम हो गया है, बल्कि काफी हद तक ताकत भी चली गई है। हालांकि इस झटके के बावजूद अभिनेता सकारात्मक बने हुए हैं और अपनी फिटनेस दोबारा हासिल करने के लिए पूरी तरह दृढ़ हैं।

अपनी रिकवरी का अपडेट शेयर करते हुए पुलकित ने लिखा है, मलेरिया ने मेरी उम्मीद से थोड़ा ज्यादा असर डाला है। 2.5 किलो वजन कम हो गया है और काफी ताकत भी चली गई है। लेकिन मैं इस शरीर को जानता हूं। हमने इसे पहले भी बनाया है। हम इसे फिर से बनाएंगे।

अभिनेता के इस ईमानदार हेल्थ अपडेट के बाद फैंस और शुभचिंतक लगातार उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। फिलहाल रिकवरी के दौर से गुजर रहे पुलकित अब अपनी ताकत दोबारा हासिल करने और अपनी फिटनेस रूटीन में लौटने पर ध्यान दे रहे हैं।

00

 

सलमान खान के बड़े फैन निकले ओरी, बताया- बिस्तर के पास रखता हूं अभिनेता की तस्वीर

मशहूर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ओरी इन दिनों लोकप्रिय स्टंट-आधारित रियलिटी शो खतरों के खिलाड़ी सीजन 15 में नजर आ रहे हैं। शो में ओरी ने मजेदार खुलासा करते हुए बताया कि वे सोते समय सलमान खान की तस्वीर बिस्तर के पास रखते हैं। ओरी का कहना है कि सलमान खान ने उनके करियर के शुरुआती दिनों में मदद की थी। शो के दौरान रोहित शेट्टी ने ओरी से पूछा, मैंने सुना है कि तुम्हें पेंसिल से डर लगता है। डर को लेकर ओरी ने कहा, हां, मुझे डर है कि अगर मैं पेंसिल से लिख रहा हूं और लिखते समय छींक आ गई, तो पेंसिल मेरी नाक में घुस जाएगी, दिमाग तक पहुंच जाएगी और मैं मर जाऊंगा।

ओरी का ये डर सुनकर शो में मौजूद सभी कंटेस्टेंट हंसने लगे। हालांकि, इसके बाद बातचीत एक अलग मोड़ पर चली गई। एक कंटेस्टेंट ने ओरी की पोल खोलते हुए कहा, सर, वह झूठ बोल रहा है। वह अपने बिस्तर के पास सबसे बड़े स्टार, सलमान खान की तस्वीर रखता है। वह पेंसिल से कैसे डर सकता है?

इसे लेकर ओरी ने खुलासा करते हुए बताया कि सलमान खान उनके लिए कितने खास हैं। उन्होंने कहा, मैं हर घर में और हर सफर में सलमान खान की फोटो अपने बिस्तर के पास रखता हूं और अगर मेरे आसपास तस्वीर नहीं है, तो मैं सोने से पहले उस चश्मे को लगाता हूं, जिसमें सलमान की तस्वीर दिखे, ताकि मैं उन्हें देख सकूं।

रोहित शेट्टी समेत शो के सभी कंटेस्टेंट को इसके पीछे की वजह जानने की उत्सुकता हुई। रोहित शेट्टी ने इसके पीछे की वजह पूछी, तो ओरी ने कहा, उन्होंने मुझे मेरा पहला हिट ब्रेक दिया था, इसलिए मैं यही फोटो हर जगह साथ लेकर जाता हूं।

ओरी के इस बयान से पता चलता है कि न सिर्फ वे सलमान के बड़े फैन हैं बल्कि उनकी फोटो को अपने लिए एक लकी चार्म भी मानते हैं। फिलहाल शो में ओरी मुश्किल स्टंट कर रहे हैं और अपनी एक ऐसी साइड दिखा रहे है जिसकी फैंस को उम्मीद नहीं थी।

00

 

इंडस्ट्री में मैं जनता को खुश करने के लिए आई हूं, न कि किसी एक्टर को : काजल राघवानी

भोजपुरी अभिनेत्री काजल राघवानी इन दिनों रियलिटी शो भोजपुरी बवाल और अपने सोशल मीडिया बयानों के कारण चर्चा में हैं। अभिनेत्री ने सोमवार को फिल्म इंडस्ट्री के कुछ कलाकारों पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि कुछ लोग उन्हें झूठा साबित करने पर तुले हुए हैं। अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर एक नोट जारी किया, जिसमें उन्होंने बताया कि इंडस्ट्री के 3 लोग उनका काम, टैग और हक छीनने में तुले हुए हैं। अभिनेत्री ने जारी किए गए नोट पर लिखा, सत्य हमेशा सत्य होता है और सत्य को झूठे लोग कुछ समय तक दबा जरूर सकते हैं, लेकिन सत्य को झूठ में परिवर्तित नहीं कर सकते हैं। मैंने जो कहा है सच कहा है और वो सब जानते हैं और जो अपने स्टारडम के दम पर इसे झुठलाना चाहते हैं, मुझे झूठा साबित करने पे तुले हुए हैं 3 लोग मिलके तो सोचिए मेरी बात कितनी सच्ची होगी जिसे आप सब को मिलके झूठा साबित करने के लिए इस लेवल तक जाना पड़ रहा है।

अभिनेत्री ने अपना नोट शेयर करते हुए लिखा, बाप रे ये तो सब में बेस्ट है। लोगो में छीनने की आदत पड़ी है। चाहे काम हो, किसी का हक या फिर, किसी का टैग।

अभिनेत्री का कहना है कि वे अपने काम से जनता को अपनाने आई हैं, न की किसी एक्टर को। उन्होंने लिखा, इस इंडस्ट्री में मैं किसी एक्टर को खुश करने के लिए नहीं आई हूं, बल्कि जनता का दिल जीतने के लिए आई हूं और वे ये सब देख ही रहे हैं।

अभिनेत्री दिनेश लाल यादव निरहुआ के द्वारा दिए बयान पर पलटवार करते हुए लिखा, एक कहते हैं कि पत्नी से प्यार नहीं है। जाहिर है क्योंकि उनकी पत्नी के साथ एक वीडियो वायरल हो गया था, तो सफाई भी देनी बनती है। एक प्रचार के लिए पत्नी को अपनाए और फिर छोड़ दिया। आज शो में कह रहे की एक लड़की भाव नहीं दे रही थी तो चार दिन बात नहीं की और फिर आई लव यू बुलवाया। फिर, जय श्री राम। वाह रे सरस्वती पुत्र की जय हो।

गौरतलब है कि अभिनेत्री का यह पोस्ट तब आया, जब भोजपुरी बवाल के हालिया एपिसोड में पवन सिंह, आम्रपाली और दिनेश लाल यादव निरहुला ने काजल राघवानी को घेरा था। हालांकि, शो में काजल राघवानी मौजूद नहीं थी।

काजल राघवानी का यह बवाल रियलिटी शो भोजपुरी बवाल पहले एपिसोड से ही देखने को मिला था, जिसमें अभिनेत्री ने अपने पुराने रिश्तों, शारीरिक शोषण, और इंडस्ट्री के अन्य कलाकारों (जैसे पवन सिंह, निरहुआ और आम्रपाली दुबे) पर कई गंभीर खुलासे किए थे, जिसके बाद भोजपुरी सिनेमा में भारी विवाद छिड़ गया है।

00

 

अविका गौर ने फरहाना भट्ट से मांगी माफी, बोलीं-आप पर गुस्सा निकालना गलत था

अभिनेत्री अविका गौर इन दिनों रोहित शेट्टी के स्टंट-बेस्ड रियलिटी शो खतरों के खिलाड़ी 15 को लेकर चर्चा में हैं। शो में खतरनाक स्टंट के साथ-साथ कंटेस्टेंट्स के बीच की दोस्ती, नोकझोंक और तनाव भी दर्शकों का ध्यान खींचता है। इसी बीच अविका और फरहाना भट्ट के बीच हुआ एक छोटा सा विवाद भी सामने आया, जिसमें अविका, फरहाना से नाराज नजर आईं। हालांकि, अब अविका ने खुद इस मामले पर सफाई दी है और माना है कि उस वक्त उनका व्यवहार सही नहीं था। उन्होंने फरहाना से सोशल मीडिया के जरिए माफी भी मांगी। दरअसल, शो में एक टास्क के दौरान अविका गौर फरहाना भट्ट की टीम में शामिल हुई थीं। टीम में आने के बाद फरहाना ने अविका का स्वागत करते हुए उन्हें बधाई दी और अच्छे प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। लेकिन उस वक्त अविका कुछ परेशान और नाराज दिखाई दे रही थीं। फरहाना के इस अंदाज का जवाब देते हुए अविका ने थोड़े रूखे अंदाज में कहा, आप तो चाहती नहीं थीं मैं आऊं।

इस घटना के बाद अब अविका गौर ने अपनी गलती स्वीकार की है। शो की शूटिंग पूरी होने और सभी कंटेस्टेंट्स के भारत लौटने के बाद अविका ने इंस्टाग्राम पर उस घटना का वीडियो शेयर किया। वीडियो के साथ उन्होंने फरहाना को टैग करते हुए लिखा, मुझे सच में अपना व्यवहार पसंद नहीं आया। फरहाना मुझे माफ कर दो। टीम को लेकर परेशान होकर मैंने आप पर अपना गुस्सा निकाल दिया, जो गलत था। आपको ढेर सारा प्यार।

अविका ने अपनी पोस्ट के अलावा कमेंट में भी फरहाना से माफी मांगी। उन्होंने लिखा, मुझे सच में अच्छा नहीं लगा कि मैंने ऐसा किया। सॉरी फरहाना। मुझे लगता है कि मैं बस परेशान थी और वह आपकी तरफ निकल गया। यह सही नहीं था। सॉरी स्वीटहार्ट।

बता दें कि खतरों के खिलाड़ी का यह 15वां सीजन है और इस बार शो में नए चेहरों के साथ कई पुराने कंटेस्टेंट्स की भी वापसी हुई। शो के इस सीजन की कास्ट में गौरव खन्ना, अविनाश मिश्रा, फरहाना भट्ट, शगुन शर्मा, अविका गौर, ओरहान अवत्रामानी (ओरी), हर्ष गुजराल, जैस्मिन भसीन, रुबीना दिलैक, करण वाही, ऋत्विक धनजानी, रुहानिका धवन

और विशाल आदित्य सिंह शामिल हैं।

00

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *