तुलसीधाम में गोस्वामी तुलसीदास जयंती सम्पन्न
ब्यूरो चीफ आर एल पाण्डेय
लखनऊ। श्री रामचरितमानस के रचयिता गोस्वामी तुलसीदास की जन्म भूमि तुलसीधाम राजापुर सूकरखेत विकासखंड परसपुर तहसील करनैलगंज जनपद गोंडा में तुलसी जयंती का कार्यक्रम आयोजित किया गया। सनातन धर्म परिषद एवं श्री तुलसी जन्मभूमि न्यास के तत्वावधान में श्रावण शुक्ल सप्तमी बुधवार 19 अगस्त 2026 को श्री रामचरितमानस अखंड पाठ 15 दिनों से चल रहे श्री सीताराम नाम संकीर्तन श्रद्धालु भक्त जनों द्वारा बड़ी श्रद्धा एवं निष्ठा के साथ किया गया। विदित हो कि श्रीरामचरितमानस का अखंड पाठ पूर्व से ही चल रहा है। देश के कोने – कोने से संत-महात्मा विद्वान साहित्यकार, शोधार्थी एवं पर्यटकों ने कार्यक्रम में भाग लिया । विद्वानों ने तुलसी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व तथा श्री राम कथा पर विशद विचार व्यक्त किये । इस अवसर पर पधारे विद्वानों एवं संत महात्माओं को तुलसी सम्मान से सम्मानित किया गया। श्रद्धालु भक्त जनों तथा विद्वानों ने गोस्वामी तुलसीदास की जन्म भूमि मंदिर का दर्शन पूजन और परिक्रमा किया । इसके साथ ही श्रद्धालुओं ने गोस्वामी जी के पिता आत्माराम दुबे के नाम आत्माराम टेपरा तुलसी वन का अवलोकन भी किया। तत्पश्चात विशाल भंडारा का कार्यक्रम संपन्न हुआ ।
डॉ स्वामी भगवदाचार्य अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष सनातन धर्म परिषद ने उक्त जानकारी दी।

