ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय
ग्रेटर नोएडा : देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर JSS Universal Public School, ग्रेटर नोएडा के बिसरख में भव्य एवं देशभक्ति से ओत-प्रोत स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, अभिभावकों एवं क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के संयोजक एवं संस्थान के प्रमुख श्री अनूप तिवारी ने समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को देश की आजादी के लिए स्वतंत्रता सेनानियों एवं वीर शहीदों द्वारा दिए गए बलिदान के बारे में जागरूक किया। उन्होंने बच्चों को राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी, अनुशासन और देशभक्ति की भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
समारोह के मुख्य अतिथि मनीष तिवारी, मंडल अध्यक्ष, कृष्ण मंडल नोएडा तथा भाजपा मंडल मंत्री राजकुमार दुबे ने संयुक्त रूप से राष्ट्रध्वज तिरंगा फहराया। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान गूंजा और उपस्थित सभी लोगों ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता केवल हमारा अधिकार ही नहीं, बल्कि इसे सुरक्षित रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी भी है। देश की एकता, अखंडता, आपसी भाईचारे और प्रगति को मजबूत बनाने के लिए सभी को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करना चाहिए।
समारोह में उपस्थित लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता, शांति और प्रगति के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। विद्यालय परिसर में पूरे कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति का माहौल बना रहा और भारत माता के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक स्वर में “जय हिंद” और “वंदे मातरम” के उद्घोष के साथ देश के प्रति अपनी श्रद्धा और समर्पण व्यक्त किया।

