(नई दिल्ली)दिल्ली में एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाला शातिर गिरफ्तार, 3 कार्ड बरामद, 6 वारदातों में था शामिल

(नई दिल्ली)दिल्ली में एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाला शातिर गिरफ्तार, 3 कार्ड बरामद, 6 वारदातों में था शामिल
नई दिल्ली ,22 सितंबर ,(आरएनएस)। पूर्वी दिल्ली की मयूर विहार पुलिस ने एटीएम में ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी लोगों का ध्यान भटकाकर उनका एटीएम कार्ड बदल देता था और फिर खाते से पैसे निकाल लेता था। पुलिस ने उसके पास से 3 एटीएम कार्ड बरामद किए हैं।
पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) पूर्वी जिला राजीव कुमार के अनुसार, आरोपी की पहचान आसिफ (30) के रूप में हुई है, जो लोनी, गाजियाबाद का रहने वाला है। वह पहले भी 6 आपराधिक मामलों में शामिल पाया गया है।
17 सितंबर को सुबह 11:15 बजे शिकायतकर्ता मो. गालिब हुसैन त्रिलोकपुरी स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम पर पैसे निकालने गए थे। उसी दौरान दो अनजान लोगों ने उनसे बातचीत शुरू कर उनका ध्यान भटका दिया और उनका एटीएम पिन देख लिया। फिर धोखे से उनका कार्ड बदलकर वैसा ही दिखने वाला दूसरा कार्ड थमा दिया। जब गालिब को शक हुआ और उन्होंने कार्ड चेक किया तो वह उनका नहीं था।
शिकायतकर्ता ने आस-पास के एटीएम बूथों पर तलाश शुरू की और त्रिलोकपुरी में ही एक्सिस बैंक के दूसरे एटीएम पर उन्हीं संदिग्धों को देख लिया। सामना होने पर दोनों भागने लगे लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक आरोपी आसिफ को पकड़ लिया गया। इस संबंध में मयूर विहार थाने में एफआईआर नंबर 416/2026 दर्ज की गई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथी के साथ मिलकर खास तौर पर उन लोगों को निशाना बनाता था, जिन्हें एटीएम चलाना ठीक से नहीं आता था। वह एटीएम बूथ के अंदर बातों में उलझाकर उनका पिन देख लेता था और फिर कार्ड बदल देता था। बाद में उस कार्ड से अवैध लेन-देन करता था। पुलिस ने बताया कि उसका एक साथी अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
यह कार्रवाई मयूर विहार के एसीपी की देखरेख और एसएचओ इंस्पेक्टर दिनेश मोरल के निर्देशन में की गई। पुलिस अब अन्य पीड़ितों की पहचान, वित्तीय लेनदेन और इसी तरह के अन्य मामलों से इसके संबंध की जांच कर रही है।
आरोपी के खिलाफ पहले से ही कृष्णा नगर, मानसरोवर पार्क, बुराड़ी, साइबर नॉर्थ-ईस्ट, जगतपुरी और हर्ष विहार थानों में मामले दर्ज हैं। इस गिरफ्तारी से दो मामलों का खुलासा हुआ है, जिसमें मयूर विहार का मामला और पीआईए पुलिस स्टेशन की एक ई-एफआईआर शामिल है।
00

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *