ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय
नई दिल्ली, 3 अक्टूबर। फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 में विषम परिस्थितियों के बीच यात्रियों की सुरक्षा के लिए साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देने वाले कैप्टन स्मित मच्छार के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना को लेकर नई दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में विशेष हवन एवं प्रार्थना का आयोजन किया गया।
राष्ट्रीय परशुराम परिषद एवं परशुराम स्वाभिमान सेना के दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व परिषद के संस्थापक एवं पूर्व मंत्री पंडित सुनील भराला ने किया। कार्यक्रम की व्यवस्था एवं दिशा-निर्देशन राष्ट्रीय परशुराम परिषद दिल्ली प्रदेश के अध्यक्ष रजनीश कुमार त्यागी की देखरेख में किया गया।
हवन के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान परशुराम और संकटमोचन हनुमान जी का पूजन किया गया। इस दौरान कैप्टन स्मित मच्छार के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ, उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु के लिए विशेष प्रार्थना की गई। कार्यक्रम में परिषद और परशुराम स्वाभिमान सेना के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं तथा समाज के गणमान्य लोगों ने सहभागिता की।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कैप्टन स्मित मच्छार द्वारा कठिन परिस्थितियों में दिखाए गए साहस, धैर्य और कर्तव्य के प्रति समर्पण को याद करते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उपस्थित लोगों ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उनके द्वारा प्रदर्शित साहस और जिम्मेदारी समाज के लिए प्रेरणादायी है।
राष्ट्रीय परशुराम परिषद दिल्ली प्रदेश के अध्यक्ष रजनीश कुमार त्यागी ने कहा कि कैप्टन स्मित मच्छार का साहस और कर्तव्य के प्रति समर्पण सभी के लिए प्रेरणा का विषय है। उन्होंने कहा कि विशेष हवन एवं प्रार्थना के माध्यम से भगवान संकटमोचन हनुमान जी और भगवान परशुराम से उनके शीघ्र एवं पूर्ण स्वास्थ्य लाभ की कामना की गई है।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय परशुराम परिषद दिल्ली प्रदेश के अध्यक्ष रजनीश कुमार त्यागी, पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष विनोद शर्मा, परशुराम स्वाभिमान सेना के प्रदेश संयोजक अनुराग सहित परिषद एवं सेना के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समाज के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने सामूहिक रूप से प्रार्थना करते हुए कैप्टन स्मित मच्छार के शीघ्र स्वस्थ होने और पूर्ण स्वास्थ्य के साथ पुनः अपने कर्तव्य पथ पर लौटने की मंगलकामना की।

